17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, एक महीने तक होंगे ये खास कार्यक्रम; जानें पूरी लिस्ट
17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलेगा। डीएम दीपक मीणा ने बताया कि अभियान में ग्राम चौपाल, सेवा ज्योति यात्रा समेत कई कार्यक्रम होंगे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान अलग-अलग तारीखों पर कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रशासन का फोकस योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ जरूरतमंदों को उनका लाभ दिलाने पर रहेगा।
17 सितंबर से ‘आशीर्वाद का दिया’ से शुरुआत
डीएम के मुताबिक अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के लाभार्थी दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। इसी दिन से 7 अक्टूबर तक ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा कार्यक्रम भी चलेगा।
अभियान में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर संवाद, 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर संवाद कार्यक्रम होंगे। वहीं 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी।
इसके अलावा ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ समेत कई थीम पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
स्मारकों पर लेजर शो और ग्राम चौपाल भी
अभियान के दौरान जिले के प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो, महायज्ञ, प्रार्थना सभाएं, ग्राम चौपाल और आमजन से सीधे संवाद जैसे कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। डीएम ने संबंधित विभागों को विभागवार कार्ययोजना तैयार कर समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। साथ ही योजनाओं, विकास कार्यों और उनके प्रभाव की जानकारी लोगों तक पहुंचाकर उन्हें विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: 12 साल के प्रियांशु की दर्दनाक मौत, ट्रक ने बाबा के साथ साइकिल सवार छात्र को कुचला



