‘घर, रोटी और रोजगार पर हमला’, गोरखपुर में नेहा बोरा ने योगी सरकार पर साधा निशाना
गोरखपुर के Gen-Z महाजुटान में AISA अध्यक्ष नेहा बोरा ने यूपी सरकार पर बुलडोजर कार्रवाई, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने 60 हजार शिक्षक भर्ती की मांग उठाई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में सोमवार को आयोजित Gen-Z महाजुटान में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों के साथ प्रदेश की राजनीति पर भी तीखे सवाल उठे। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने यूपी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बुलडोजर कार्रवाई के जरिए नफरत का माहौल बनाया जा रहा है और आम लोगों के घर, रोटी व रोजगार पर हमला हो रहा है।
पेपर लीक और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
सिविल लाइंस स्थित गोकुल अतिथि भवन में नेहा बोरा ने कहा कि Gen-Z महाजुटान का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, रोजगार और उनके अधिकारों से जुड़े सवालों पर लामबंद करना है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन से लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार तक से जवाब मांगा जाएगा।
उन्होंने छात्रावास, छात्रवृत्ति, महिला छात्रों के लिए अतिरिक्त हॉस्टल, विश्वविद्यालयों की सुविधाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। साथ ही उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
60 हजार शिक्षक पदों पर भर्ती की मांग
नेहा बोरा ने प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 2018 के बाद भर्ती नहीं होने से अभ्यर्थी परेशान हैं। उन्होंने कम से कम 60 हजार पदों पर भर्ती की मांग का समर्थन किया। TGT-PGT अभ्यर्थियों के पुराने परीक्षा पैटर्न और NTA की परीक्षाओं को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।
नई शिक्षा नीति पर उन्होंने आरोप लगाया कि इससे शिक्षा के निजीकरण को बढ़ावा मिल रहा है। सरकारी स्कूलों, फीस, सीटों और फंड में कटौती को लेकर भी उन्होंने सरकार से नीति में बदलाव की मांग की।
बनारस से लखनऊ तक चलेगी Gen-Z यात्रा
AISA की Gen-Z महाजुटान यात्रा बनारस से शुरू होकर आजमगढ़ के रास्ते गोरखपुर पहुंची। अब यह फैजाबाद होते हुए लखनऊ जाएगी। नेहा बोरा ने छात्रों और युवाओं से अभियान में जुड़ने की अपील की। पत्रकारों को गाली देने के सवाल पर उन्होंने इसे अशोभनीय बताया और मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: बांदा में डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, 5 साल की बच्ची का काटना पड़ा पैर; अब उठे बड़े सवाल



