समुद्री सुरक्षा के बाद अब पर्वतारोहण की चुनौती, माउंट मुकुट पर ICG का अभियान

भारतीय तटरक्षक बल ने'तट से पर्वत' अभियान शुरू किया है. 19 सदस्यीय टीम 7,242 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट पर तिरंगा फहराएगी. ICG 2027 में अपनी गोल्डन जुबली मनाने जा रहा है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: भारतीय तटरक्षक बल ने’तट से पर्वत’ अभियान शुरू किया है. 19 सदस्यीय टीम 7,242 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट पर तिरंगा फहराएगी. ICG 2027 में अपनी गोल्डन जुबली मनाने जा रहा है.

भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) ने समुद्र से पहाड़ की ऊंची चोटियों तक पहुंचने के अपने खास अभियान की शुरुआत की है. महानिदेशक परमेश शिवमणि ने उत्तराखंड की माउंट मुकुट चोटी के लिए तट से पर्वत (From Coast to High Altitude) अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. माउंट मुकुट समुद्र तल से करीब 7,242 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. इस बेहद चुनौतीपूर्ण अभियान में भारतीय तटरक्षक बल की 19 सदस्यीय पर्वतारोहण टीम हिस्सा ले रही है. इस अभियान को लेकर टीम के सदस्य बेहद उत्साहित हैं

एवरेस्ट की तैयारी का अंतिम चरण
तट से पर्वत अभियान को तटरक्षक बल की पर्वतारोहण टीम के लिए हाई एल्टीट्यूड ट्रेनिंग के अंतिम चरण के तौर पर देखा जा रहा है. इस अभियान का लक्ष्य सिर्फ 7,242 मीटर ऊंची चोटी पर पहुंचना नहीं है, बल्कि टीम को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के कठिन अभियान के लिए तैयार करना भी है.

भारतीय तटरक्षक बल ने क्या कहा
भारतीय तटरक्षक बल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा ‘समुद्र से लेकर पहाड़ों की चोटियों तक, नई ऊंचाइयां छूते हुए!.@IndiaCoastGuard की पर्वतारोहण टीम इंसानी सहनशक्ति की सबसे बड़ी परीक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है!.आज एक शानदार समारोह में, डायरेक्टर जनरल परमेश शिवमनी (AVSM, PTM, TM, #DGICG) ने उत्तराखंड में समुद्र तल से 7,242 मीटर (23,760 फीट) ऊंचे और मुश्किल ‘माउंट मुकुट’ के लिए #TatSeParwat अभियान को आधिकारिक तौर पर हरी झंडी दिखाई’.

पोस्ट में आगे कहा गया है ‘यह मुश्किल चढ़ाई कड़ी ट्रेनिंग का एक अहम आखिरी चरण है, क्योंकि 19 बहादुर जवान 2027 में ICG की स्वर्ण जयंती के जश्न के लिए शानदार माउंट एवरेस्ट को फतह करने की तैयारी कर रहे हैं. एक शानदार गौरवशाली विरासत की शुरुआत हो रही है’.

2027 में एवरेस्ट फतह का लक्ष्य
भारतीय तटरक्षक बल साल 2027 में अपनी गोल्डन जुबली मनाने जा रहा है. इसी दौरान तटरक्षक बल की टीम द्वारा माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई का ऐतिहासिक प्रयास किया जाएगा. माउंट मुकुट अभियान के दौरान टीम को अत्यधिक ऊंचाई, कम ऑक्सीजन, बर्फीले मौसम और कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में ऑपरेशन का अनुभव मिलेगा. समुद्र में देश की सुरक्षा करने वाला तटरक्षक बल अब हिमालय की ऊंची चोटियों पर अपनी क्षमता और हौसले की परीक्षा लेने जा रहा है.

Related Articles

Back to top button