सीतापुर में किसानों का प्रदर्शन, खाद से लेकर बिजली तक उठे सवाल; CM के नाम सौंपा ज्ञापन
सीतापुर में भाकियू टिकैत ने किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। खाद की ऑनलाइन व्यवस्था खत्म करने, 18 घंटे बिजली समेत चार मांगों को लेकर CM के नाम ज्ञापन सौंपा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने शुक्रवार को सीतापुर में प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपने पहुंचे। जिलाध्यक्ष मयंक सिंह चौहान ‘विवेक’ की ओर से दिए गए ज्ञापन में खाद वितरण, बिजली आपूर्ति, किसानों से जुड़े मुकदमों और भूमि विवाद समेत चार प्रमुख मुद्दे उठाए गए।
खाद की ऑनलाइन व्यवस्था खत्म करने की मांग
भाकियू नेताओं ने खाद वितरण की मौजूदा ऑनलाइन व्यवस्था को खत्म कर पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग की। संगठन का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था के कारण किसानों को खाद लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने मांग की कि वितरण व्यवस्था को सरल बनाया जाए, जिससे खेती के समय उन्हें दिक्कत न हो।
18 घंटे बिजली देने की मांग
ज्ञापन में खेती के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। किसान नेताओं ने बिजली कटौती और रात में रोस्टिंग का हवाला देते हुए प्रतिदिन 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि सिंचाई के लिए नियमित बिजली मिलना जरूरी है।
मुकदमा और भूमि विवाद का मुद्दा
संगठन ने कमलापुर थाने में अनिकेत सिंह और शिवम सिंह के खिलाफ दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 0179, दिनांक 27 जुलाई 2026 में लगाई गई धाराओं को वापस लेने की मांग की। इसके अलावा महमूदाबाद तहसील की मीरानगर ग्राम पंचायत में निजी भूमि पर बने खेल मैदान की बाउंड्रीवाल हटाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। किसान नेताओं ने सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के बाद संगठन ने प्रशासन से मांगों पर कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: ड्यूटी के लिए निकले वनकर्मी की दर्दनाक मौत, पीछे से आए डंपर ने स्कूटी को मारी टक्कर



