वोटर लिस्ट से लेकर SIR तक… केजरीवाल ने उठाए बड़े सवाल, चुनाव दोबारा कराने की मांग

अरविंद केजरीवाल ने SIR और मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और पिछले चुनाव रद्द कर दोबारा कराने की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयोग को लेकर सामने आई Indian Express की रिपोर्ट के बाद गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर चुनाव जीतने के लिए ‘वोट चोरी’ करने का आरोप लगाया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग की।

SIR प्रक्रिया और वोटर लिस्ट पर उठाए सवाल

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि Special Intensive Revision (SIR) के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं। उन्होंने SIR प्रक्रिया को रद्द कर तीन साल पुरानी मतदाता सूची बहाल करने की मांग की। उन्होंने दिल्ली, बिहार समेत पिछले वर्षों में हुए कई विधानसभा चुनाव दोबारा कराने की भी मांग रखी। Indian Express की रिपोर्ट के मुताबिक SIR के दौरान 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ड्राफ्ट मतदाता सूचियों से 13 करोड़ से अधिक नाम हटाए गए थे।

दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों का हवाला

केजरीवाल ने रिपोर्ट में सामने आई चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की आपत्तियों का हवाला देते हुए कहा कि आयोग के भीतर फैसलों और मतदाता डेटाबेस के संचालन को लेकर सवाल उठे हैं। Indian Express के अनुसार दोनों आयुक्तों ने 10 महीनों में कम से कम 14 बार कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं पर औपचारिक आपत्ति दर्ज की। रिपोर्ट में मतदाता डेटाबेस के केंद्रीकरण और ERO की भूमिका से जुड़े सवालों का भी उल्लेख है।

चुनाव आयोग ने आरोपों पर क्या कहा?

चुनाव आयोग ने Indian Express की रिपोर्ट के जवाब में कहा कि अलग-अलग विचार और टिप्पणियां संस्थागत विचार-विमर्श का सामान्य हिस्सा हैं। आयोग के अनुसार पिछले एक वर्ष में उसके सभी फैसले पूर्ण आयोग के सर्वसम्मत निर्णयों के आधार पर लिए गए हैं। केजरीवाल ने हालांकि आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हालिया चुनावों को रद्द कर दोबारा कराने और SIR के तहत किए गए बदलावों की समीक्षा की मांग की है।

यह भी पढ़ें: गणेश पूजन के बीच भरभराकर गिरी रेलिंग, महिला की मौत; 10 से ज्यादा श्रद्धालु घायल

Related Articles

Back to top button