गणेश पूजन के बीच भरभराकर गिरी रेलिंग, महिला की मौत; 10 से ज्यादा श्रद्धालु घायल
सीतापुर की पंजाबी धर्मशाला में गणेश पूजन के दौरान बारिश के बीच रेलिंग गिरने से बड़ा हादसा हुआ। एक महिला की मौत और 10 से अधिक श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में गणेश पूजन के बीच बुधवार दोपहर अचानक हुए हादसे ने उत्सव का माहौल मातम में बदल दिया। आर्यनगर स्थित पंजाबी धर्मशाला में तेज बारिश के दौरान तिरपाल पर जमा पानी का भार बढ़ गया। इसी दौरान तीसरी मंजिल की रेलिंग तिरपाल समेत नीचे श्रद्धालुओं पर आ गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बारिश के बीच अचानक भरभराकर गिरी रेलिंग
हादसा बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। धर्मशाला में गणेशोत्सव के तहत पूजा-अर्चना चल रही थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। तेज बारिश के कारण आंगन में लगी तिरपाल पर पानी जमा हो गया। पानी का भार बढ़ने के बाद तीसरी मंजिल की रेलिंग तिरपाल समेत नीचे आ गिरी। मलबे की चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल हो गए।
जिला अस्पताल में महिला की मौत
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान 58 वर्षीय उमा कपूर पत्नी शम्मी कपूर की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है। कुछ घायलों को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
डीएम-एसपी ने मौके पर पहुंचकर शुरू कराई जांच
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल और एसडीएम सदर समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस-प्रशासन अब रेलिंग गिरने के कारणों के साथ धर्मशाला की संरचनात्मक सुरक्षा की भी जांच कर रहा है। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ने: डिग्री लेकर निकल रहे युवा, लेकिन दिशा कौन देगा? कहकशां सिद्दीकी ने बताई शिक्षा की बड़ी जरूरत



