अफीम तस्करों से 8 लाख की डील का आरोप, चार सिपाहियों पर कार्रवाई; अब होगी दोहरी जांच

बदायूं के इस्लामनगर थाने में अफीम तस्करों को 8 लाख रुपये लेकर छोड़ने के आरोपों पर चार सिपाहियों को हटाया गया है। एसपी सिटी और पीलीभीत एएसपी जांच कर रहे हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  बदायूं के इस्लामनगर थाने से जुड़ा अफीम तस्करी का मामला अब पुलिस विभाग की दोहरी जांच तक पहुंच गया है। बरेली के कथित अफीम तस्करों को पकड़ने के बाद आठ लाख रुपये लेकर छोड़ने के आरोपों के बीच एसएसपी अंकिता शर्मा ने चार सिपाहियों को थाने से हटा दिया है। इनमें एक को लाइन हाजिर किया गया है। हालांकि, शुरुआती जांच में आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

एक सिपाही लाइन हाजिर, तीन के थाने बदले

जांच प्रभावित न हो, इसके लिए सिपाही रितिक तेवतिया को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। काले सिंह को मुजरिया, कपिल कुमार को हजरतपुर और अनुज चौधरी को फैजगंज बेहटा थाने भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की पड़ताल के बीच की गई है।

सीओ से हटकर एसपी सिटी को मिली जांच

मामले की शुरुआती जांच सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने की थी, लेकिन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद एसएसपी ने विस्तृत जांच एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह को सौंप दी। उन्हें तस्करों को पकड़े जाने, कथित तौर पर छोड़ने और आठ लाख रुपये की सौदेबाजी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

डीआईजी ने पीलीभीत की एएसपी को सौंपी अलग जांच

डीआईजी अजय कुमार साहनी ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए अलग जांच बैठाई है। निष्पक्षता के लिए यह जिम्मेदारी पीलीभीत की एएसपी नताशा गोयल को दी गई है। उन्हें उपलब्ध इनपुट और आरोपों की तथ्यात्मक जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। फिलहाल दोनों जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद आगे की विभागीय कार्रवाई तय होगी।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: बरेली में पुलिस चौकियों का रिपोर्ट कार्ड जारी, 427 अंक वाले अफसर नंबर-1; 10 को चेतावनी

Related Articles

Back to top button