121 ग्राम अल्प्राजोलम, नकदी और मोबाइल… बरेली में चेकिंग के दौरान खुला नशे का खेल
बरेली कैंट पुलिस ने कार सवार तीन युवकों को 121.44 ग्राम अल्प्राजोलम पाउडर के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने कार, नकदी और मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद किया।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: बरेली में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान कैंट पुलिस ने कार सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 121.44 ग्राम अल्प्राजोलम पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल क्वांटो कार के साथ 5,680 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, तीन आधार कार्ड और दो पैन कार्ड भी कब्जे में लिए हैं।
चेकिंग के दौरान पकड़ी गई क्वांटो कार
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को कैंट थाना क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान HR02AD9810 नंबर की क्वांटो कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार तीनों युवकों के पास से अलग-अलग मात्रा में अल्प्राजोलम पाउडर मिला। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों के पास अलग-अलग मात्रा में पाउडर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यशवंत वर्मा उर्फ आशु, सतपाल और विशाल के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के यमुनानगर और अंबाला जिले के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक यशवंत के पास से 51.91 ग्राम, सतपाल से 39.07 ग्राम और विशाल से 30.46 ग्राम पाउडर बरामद हुआ।
पूछताछ में सामने आया सप्लाई का कनेक्शन
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने बरेली से अल्प्राजोलम पाउडर खरीदकर अपने इलाके में ऊंचे दाम पर बेचने की बात बताई है। उनके बयान में नदीम का नाम भी सामने आया है। पुलिस अब उसकी भूमिका और कथित सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में मु0अ0सं0 470/2026 के तहत NDPS Act की धारा 8/22/29/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़े: मंदिर के पास जंगल में युवक-युवती को घेरा, मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप; 3 दबोचे



