रात के अंधेरे में घर में घुसे चोर, 3 बैटरी और इन्वर्टर समेत नकदी ले उड़े

सीतापुर के बिसवां में देर रात चोर घर में घुसकर तीन बैटरी, इन्वर्टर और पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: सीतापुर के बिसवां नगर में चोरी की एक और वारदात से लोगों में चिंता बढ़ गई है। बीती रात अज्ञात चोर एक मकान में घुसे और तीन बैटरी, एक इन्वर्टर के साथ पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना का पता चलने के बाद पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

रात में घर में घुसे चोर

पीड़ित जीशान के मुताबिक वारदात रात करीब दो से ढाई बजे के बीच हुई। उस समय घर के अंदर कार खड़ी थी। आरोप है कि चोर किसी तरह मकान में दाखिल हुए और अंदर से दरवाजा खोलकर चोरी की। बिजली कटने के कारण गर्मी लगने पर जीशान की नींद खुली तो वह नीचे पहुंचे।

बैटरियां गायब देख उड़े होश

नीचे पहुंचने पर जीशान को घर की बैटरियां गायब मिलीं। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की जांच की तो इन्वर्टर और पांच हजार रुपये नकद भी नहीं मिले। चोरी का पता चलने के बाद रात करीब ढाई बजे डायल-112 को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

आसपास के लोगों से पूछताछ

पुलिस ने घटनास्थल से जानकारी जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। चोर किस रास्ते से घर में दाखिल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में गए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में पुलिस आसपास के क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से भी कड़ियां जोड़कर जांच कर रही है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: सीतापुर में सरायन नदी का बढ़ा जलस्तर, अलर्ट हुआ प्रशासन; DM-SP ने संभाला मोर्चा

Related Articles

Back to top button