भोर में सो रहा था पूरा परिवार, अचानक भरभराकर गिरी पक्के मकान की छत; 5 घायल
मिर्जापुर में लगातार बारिश के बीच पुरानी दसमी मोहल्ले में पक्के मकान की छत गिर गई। हादसे में परिवार के पांच लोग घायल हुए, एक महिला को गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: मिर्जापुर में लगातार हो रही बारिश के बीच भोर का वक्त एक परिवार के लिए दहशत में बदल गया। कटरा कोतवाली क्षेत्र के पुरानी दसमी मोहल्ले में अचानक एक पक्के मकान की छत का हिस्सा भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के लोग कमरे में सो रहे थे। मलबे में दबने से पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सोते समय अचानक भरभराकर गिरी छत
हादसा पुरानी दसमी मोहल्ले में हुआ। बताया गया कि विक्की सोनकर अपने परिवार के साथ कमरे में सो रहे थे। भोर में उनका भतीजा अंश उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचा था। इसी दौरान अचानक मकान की छत का एक हिस्सा ढह गया। छत गिरने की आवाज से आसपास भी अफरा-तफरी मच गई।
पांच लोग घायल, महिला को वाराणसी रेफर
हादसे में विक्की सोनकर, उनकी पत्नी अनिता सोनकर, बेटे रुद्र और गौरव तथा भतीजे अंश को चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। परिजनों के मुताबिक अनिता सोनकर को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
18 साल पुराना था मकान, बारिश से बढ़ी परेशानी
परिजन विक्की सोनकर ने बताया कि मकान करीब 18 साल पुराना था। उनके अनुसार परिवार के सभी लोग कमरे में सो रहे थे और अचानक छत गिर गई। विक्की ने बताया कि हादसे में उनकी पत्नी को सबसे ज्यादा चोट लगी है। पिछले 24 घंटे से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है और पुराने मकानों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
रिपोर्ट: संतोष देव गिरि, मिर्जापुर
यह भी पढ़ें: सफाई कर्मचारियों के PF में बड़ा खेल? बिसवां नगर पालिका के दो लिपिकों पर मुकदमा



