गोरखपुर में Views के लिए जान हथेली पर! हाईवे पर बाइक के पहिए हवा में, नौका विहार में फ्लिपिंग
गोरखपुर में वायरल होने की होड़ में हाईवे और सार्वजनिक जगहों पर खतरनाक स्टंट के वीडियो सामने आए हैं। पुलिस ने कानून व्यवस्था प्रभावित होने पर कार्रवाई और दोबारा करने वालों पर निरोधात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: गोरखपुर में सोशल मीडिया पर कुछ हजार व्यूज और लाइक्स के लिए युवा अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा भी दांव पर लगा रहे हैं। हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक का अगला पहिया हवा में उठाने से लेकर कुसम्ही जंगल रोड पर बच्चों के साइकिल स्टंट और नौका विहार के LOVE GORAKHPUR पर फ्लिपिंग तक के वीडियो सामने आए हैं। कई स्टंट ऐसे हैं, जहां चंद सेकेंड की गलती गंभीर हादसे में बदल सकती थी।
हाईवे पर बाइक के पहिए हवा में, पीछे बन रही रील
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में युवक हाईवे पर GTGST और KTM जैसी बाइक से खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। कहीं एक बाइक का अगला पहिया हवा में उठाकर तेज रफ्तार से चलाया जा रहा है तो कहीं दो बाइक सवार एक साथ ऐसा करते दिख रहे हैं। एक वीडियो को करीब 48 हजार व्यूज और 2500 लाइक्स मिले हैं, जबकि दूसरे पर करीब 35 हजार व्यूज दर्ज हैं।
बच्चों से लेकर नौका विहार तक स्टंट का सिलसिला
कुसम्ही जंगल रोड पर टीनएज बच्चों के साइकिल स्टंट के वीडियो भी सामने आए हैं। सड़क पर वाहन गुजरने के दौरान बच्चे साइकिल का अगला पहिया उठाकर करतब करते दिखते हैं। एक अन्य वीडियो में 12-13 साल का बच्चा क्षतिग्रस्त और आग से टूटी साइकिल पर करतब करता नजर आ रहा है। वहीं नौका विहार में LOVE GORAKHPUR सेल्फी प्वाइंट के ऊपर से युवक फ्लिपिंग करते दिखे। इस वीडियो को करीब 59 हजार व्यूज मिले हैं।
पुलिस की दो टूक, दोबारा किया तो निरोधात्मक कार्रवाई
एसपी सिटी गोरखपुर निमिष पाटिल के मुताबिक स्टंटबाजी या रील बनाने का मामला पुलिस के संज्ञान में आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्टंटबाजी से कानून व्यवस्था प्रभावित होने पर कार्रवाई होगी। दोबारा ऐसा करने वालों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। ऐसे में वायरल होने की कोशिश में सड़क को स्टंट का मैदान बनाने वालों पर पुलिस की नजर बनी हुई है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: भोर में सो रहा था पूरा परिवार, अचानक भरभराकर गिरी पक्के मकान की छत; 5 घायल



