बारिश से पहले नगर निगम ने कसी कमर, 3-4 दिन अलर्ट; जलभराव वाले इलाकों पर खास नजर

गोरखपुर में भारी बारिश की आशंका के बीच मंडलायुक्त ने शहर के निचले इलाकों का निरीक्षण किया। गंभीर जलभराव नहीं मिला। नगर निगम को 3-4 दिन अलर्ट रहने और हेल्पलाइन चालू रखने के निर्देश दिए गए।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: गोरखपुर में भारी बारिश और चक्रवात की आशंका के बीच नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव और डीआईजी गोरखपुर परिक्षेत्र के साथ शहर के कई निचले इलाकों का औचक निरीक्षण किया। राहत की बात रही कि निरीक्षण के दौरान कहीं भी गंभीर जलभराव नहीं मिला।

नालों और प्रमुख स्थानों का लिया जायजा

अधिकारियों ने सबसे पहले सुमेर सागर स्थित नाले का निरीक्षण किया। इसके बाद धर्मशाला पुल के नीचे, असुरन स्थित राप्ती कांप्लेक्स, दाउदपुर नहर रोड तिराहा और चंपा देवी पार्क के आसपास जलभराव की स्थिति देखी गई। अधिकांश स्थानों पर बारिश का पानी जमा नहीं मिला।

नगर आयुक्त अजय जैन ने बताया कि जरूरत वाले स्थानों पर पंप लगाकर पानी को नालों में डायवर्ट कर निकाला जा रहा है। दाउदपुर में कलवर्ट ऊंचा होने से पानी के बैक फ्लो की समस्या सामने आई, जिसे पंप के जरिए नियंत्रित किया जा रहा है।

अगले 3-4 दिन अलर्ट मोड में रहेगा निगम

संभावित भारी बारिश को देखते हुए मंडलायुक्त ने नगर निगम और जलकल विभाग को अगले तीन-चार दिनों तक अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों में पानी जमा होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने और सकिंग मशीनों को तैयार रखने को कहा गया है।

बारिश की समस्या के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन

बारिश और जलभराव से जुड़ी शिकायतों के लिए नगर निगम की हेल्पलाइन 8810709390 को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान शहर में सामान्य जनजीवन प्रभावित नहीं मिला।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: उन्नाव में 36 घंटे की बारिश बनी आफत! कमरे की दीवार गिरी, पिता और दो बेटियां मलबे में दबीं

Related Articles

Back to top button