किताबी पढ़ाई से आगे बढ़कर सेवा की मिसाल, BIT गीडा में 128 लोगों ने किया रक्तदान
गोरखपुर के बीआइटी गीडा में सेवा संकल्प अभियान के दौरान रक्तदान शिविर लगाया गया। शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों समेत 128 लोगों ने रक्तदान किया।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: युवाओं के हाथों में सिर्फ किताबें नहीं, बल्कि समाज के लिए कुछ करने का जज्बा भी हो, इसी संदेश के साथ बीआइटी गीडा में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवा संवाद, स्टार्टअप, नवाचार और ग्रामीण विकास जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसी दौरान लगाए गए रक्तदान शिविर में शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों समेत 128 लोगों ने रक्तदान किया।
युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने पर जोर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि युवा देश के कर्णधार हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का ज्ञान, शिक्षा, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना देश को विकास की दिशा में आगे ले जा सकती है। उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्र की सेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
नगर पंचायत उनवल के अध्यक्ष महेश दुबे ने सेवा संकल्प अभियान को सामाजिक बदलाव का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना अभियान का मूल उद्देश्य है और विद्यार्थियों को इससे जुड़कर समाज निर्माण में योगदान देना चाहिए।
शिक्षा के साथ मानवीय संवेदनाओं की बात
उच्च शिक्षा गोरखपुर की नोडल अधिकारी तरन्नुम बानो ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं है। विद्यार्थियों में नैतिक मूल्य, अनुशासन और समाज सेवा की भावना विकसित होना भी जरूरी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बुद्धा ग्रुप के सचिव डॉ. रजत अग्रवाल ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का बोध कराना भी है।
128 लोगों ने किया रक्तदान
सेवा संकल्प अभियान के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में बीआइटी गीडा के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने भाग लिया। कुल 128 लोगों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, अधिष्ठाता और अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें निदेशक प्रशासन दीपक अग्रवाल, डॉ. गोविंद पांडेय, विजय श्रीवास्तव, संतोष त्रिपाठी, डॉ. रूप रंजन, डॉ. आशीष सिंह, डॉ. अरुण पांडेय, डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अंकुर कुमार और प्रतिश कनौजिया समेत अन्य लोग शामिल रहे।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: चार साल के कामों का हिसाब जनता तक पहुंचाने की तैयारी, सोनौली में बनी पूरी रणनीति



