बारिश ने रोकी ट्रेनों की रफ्तार! गोंडा-बस्ती के बीच 40 से ज्यादा पेड़ गिरे, घंटों लेट हुईं ट्रेनें
लगातार बारिश के बीच गोंडा-बस्ती रेलखंड पर 40 से अधिक पेड़ ट्रैक पर गिर गए। इससे 15 से 20 ट्रेनें प्रभावित हुईं और गोरखपुर स्टेशन पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरे दिन हो रही बारिश ने अब रेल यातायात की रफ्तार भी थाम दी है। शनिवार सुबह गोंडा और बस्ती के बीच अलग-अलग स्थानों पर 40 से अधिक पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गए। इससे अप और डाउन दोनों ट्रैक प्रभावित हुए और कई ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा। करीब 15 से 20 ट्रेनें निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से चल रही हैं।
ट्रैक पर पेड़ गिरने से थमी ट्रेनों की रफ्तार
पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचीं और ट्रैक साफ करने का काम शुरू किया। एक स्थान पर बड़ा यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद ट्रैक रिलीफ टीम, टीआरडी और इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों ने पेड़ काटकर हटाने और OHE को दुरुस्त करने का काम शुरू किया।
गोरखपुर स्टेशन पर बढ़ी यात्रियों की परेशानी
ट्रेनों के घंटों देरी से चलने के कारण गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। बारिश के बीच प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवानों की तैनाती की गई।
देरी से प्रभावित प्रमुख ट्रेनों में वैशाली एक्सप्रेस करीब 6 घंटे 5 मिनट, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 5 घंटे 7 मिनट, सत्याग्रह एक्सप्रेस 4 घंटे 21 मिनट और कामाख्या वीकली एक्सप्रेस करीब 4 घंटे 7 मिनट लेट रही।
कंट्रोल रूम से हालात पर नजर
सीपीआरओ सुमित कुमार के अनुसार, लगातार बारिश के कारण लखनऊ मंडल में अलग-अलग स्थानों पर 40 से अधिक पेड़ गिरने की सूचना मिली है। करीब 15 से 20 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। रेलवे के वार रूम और कंट्रोल रूम से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। रेलवे के अनुसार प्रभावित रेलखंड पर ट्रैक को सुरक्षित करने के बाद ही संचालन सामान्य किया जा रहा है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें : कुछ सेकेंड और…! नौसढ़ में चलती अर्टिगा पर गिरा यूनिपोल, बाल-बाल बचे लोग



