रांची के CRPF कैंप में राइफल की गूंज, पलामू के जवान ने की खुदकुशी

रांची के तिरिल स्थित CRPF कैंप में हवलदार भुवनेश्वर पाल की मौत के बाद पुलिस और CRPF अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: रांची के तिरिल स्थित CRPF कैंप में हवलदार भुवनेश्वर पाल की मौत के बाद पुलिस और CRPF अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है.

झारखंड की राजधानी रांची में CRPF कैंप के अंदर एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर जान दे दी. घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के तिरिल स्थित CRPF कैंप की है. मृतक जवान की पहचान भुवनेश्वर पाल के रूप में हुई है. वह CRPF में हवलदार के पद पर तैनात थे. गोली लगने के बाद जवान की मौके पर ही मौत हो गई.

भुवनेश्वर पाल ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान उन्होंने अपने पास मौजूद सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली. गोली जवान के गर्दन में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. कैंप परिसर में गोली चलने की घटना के बाद वहां मौजूद जवानों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. CRPF के वरिष्ठ अधिकारी भी कैंप पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगे हैं. पुलिस और CRPF अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घटना किन परिस्थितियों में हुई.

फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

घटना की जांच के लिए मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है. इसके साथ ही जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

फिलहाल भुवनेश्वर पाल के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या जवान किसी पारिवारिक या व्यक्तिगत परेशानी से गुजर रहे थे या फिर इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी. पुलिस और CRPF के वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं.

पलामू के रहने वाले थे भुवनेश्वर पाल

भुवनेश्वर पाल मूल रूप से झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के हैदरनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. वर्तमान में उनकी तैनाती रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित तिरिल CRPF कैंप में थी, जहां वह हवलदार के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे.

अक्टूबर 2024 में भी हुई थी ऐसी घटना

रांची में CRPF जवान द्वारा सर्विस राइफल से खुद को गोली मारने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले अक्टूबर 2024 में भी नगड़ी थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित सेंबो CRPF ग्रुप सेंटर में तैनात जवान राहुल कुमार मल्लिक ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली थी. राहुल कुमार मल्लिक मूल रूप से बोकारो जिले के पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे.

Related Articles

Back to top button