असम में CJP कार्यकर्ताओं की हिरासत पर बवाल, दीपके बोले- सभी को रिहा करो

असम में CJP के को-फाउंडर आशुतोष रांका समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया. अभिजीत दिपके ने रिहाई नहीं होने पर असम पहुंचने की बात कही.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: असम में CJP के को-फाउंडर आशुतोष रांका समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया. अभिजीत दिपके ने रिहाई नहीं होने पर असम पहुंचने की बात कही.

कॉकरोच जनता पार्टी के को-फाउंडर आशुतोष रांका समेत पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को असम पुलिस ने हिरासत में लिया है. CJP गुवाहाटी में वॉलंटियर्स के साथ पहली रीजनल मीटिंग करने की तैयारी कर रही थी, लेकिन मीटिंग से पहले ही यह कार्रवाई हो गई. आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी. इसके बाद अभिजीत दिपके का भी बयान सामने आया. उन्होंने कहा कि CJP के कार्यकर्ताओं को रिहा करो, वरना वह खुद असम आएंगे.

आशुतोष रांका ने पोस्ट में कहा कि हेमंत बिस्वा सरमा डर गए हैं. उन्होंने दावा किया कि CJP असम के स्कूलों की सच्चाई लोगों के सामने लाना चाहती है. साथ ही काजीरंगा और असम की बाढ़ की असल स्थिति देश के लोगों को बताना चाहती है. वहीं, अभिजीत दिपके ने कहा, “असम पुलिस ने आशु को एक निजी घर से हिरासत में लिया है. उन्हें अभी तक यह नहीं बताया गया है कि उन्हें किन आरोपों और किस आधार पर हिरासत में लिया गया है.” उन्होंने कहा कि अगर आशु को रिहा नहीं किया गया, तो वह दूसरे मुख्य न्यायिक सदस्यों के साथ असम जाएंगे. दिपके ने कहा कि हिमंता हम सबको गिरफ्तार कर सकते हैं.

पुलिस की कार्रवाई के बाद CJP की प्रस्तावित रीजनल मीटिंग भी प्रभावित हुई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुवाहाटी में वॉलंटियर्स के साथ होने वाली इस मीटिंग में असम से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होनी थी. रांका के अलावा दूसरे कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिए जाने के बाद कार्यक्रम को लेकर स्थिति साफ नहीं हो सकी. पुलिस की ओर से हिरासत की वजह पर अभी तक डिटेल जानकारी सामने नहीं आई है.

एक दिन पहले हुई थी बैठक
हिरासत की कार्रवाई से एक दिन पहले गुवाहाटी में CJP नेताओं और अखिल गोगोई की अगुवाई वाले राइजर दल के नेताओं के बीच बैठक हुई थी. इसमें आशुतोष रांका समेत CJP के कई नेता मौजूद थे. बैठक में असम की हालिया बाढ़ समेत राज्य से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई. साथ ही असम में CJP की एक्टिविटीज को आगे बढ़ाने और संगठन के विस्तार को लेकर भी बातचीत हुई. इससे पहले CJP राज्य के कुछ प्रमुख लोगों और छोटे क्षेत्रीय राजनीतिक संगठनों के साथ भी संपर्क कर चुकी है.

Related Articles

Back to top button