कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन आज, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन, कार्यसमिति बैठक और इंडिया गठबंधन की बैठक बुलाई है. पार्टी संसद में महाभियोग लाने की तैयारी में है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन, कार्यसमिति बैठक और इंडिया गठबंधन की बैठक बुलाई है. पार्टी संसद में महाभियोग लाने की तैयारी में है.
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर इन दिनों देश की सियासत गरमाई हुई है. इंडियन एक्सप्रेस के खुलासे के बाद चुनाव आयोग पर सवाल उठ रहे हैं. कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार और चुनाव आयोग पर हमलावर है. कांग्रेस ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में चौतरफा दबाव बनाने की तैयारी में है. इसके लिए पार्टी ने पूरी रणनीति तैयार कर ली है.
जानकारी के मुताबिक सोमवार (28 सितंबर) को देश के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करेगी. इसमें पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे. वहीं मंगलवार 29 सितंबर को सुबह 10:30 बजे कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक होगी. इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे. बैठक में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे.
बुधवार को इंडिया गठबंधन की बैठक
इसके अलावा बुधवार (30 सितंबर) को इसी मुद्दे पर इंडिया गठबंधन की प्रस्तावित बैठक है. यह बैठक मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहल पर हो रही है, जिसकी जानकारी टीएमसी ने दी है. हाल ही में ममता बनर्जी ने राहुल गांधी से फोन पर बात की थी और उनसे इंडिया गठबंधन की बैठक बुलाने का आग्रह किया था.
पार्टी के मुख्यमंत्री भी आधिकारिक लाइन पर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगे. इसके साथ ही कांग्रेस का मीडिया विभाग देशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगा. इस दौरान कथित वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त के मोदी सरकार से जुड़े होने के आरोप उठाए जाएंगे.
सोशल मीडिया पर कैंपेन
इसके साथ ही केरल के पूर्व मुख्य सचिव जीजी थॉमसन को ज्ञानेश कुमार द्वारा कथित रूप से चुनाव लड़ने का ऑफर दिए जाने के मुद्दे को भी राष्ट्रीय स्तर पर आक्रामक तरीके से उठाया जाएगा. सोशल मीडिया पर बेहद आक्रामक कैंपेन चलाया जाएगा. कांग्रेस के फ्रंटल संगठन महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल को निर्देश दिया गया है कि लगातार अपने नए नए तरीकों से विरोध जताएं.
महाभियोग का नोटिस
संसद के शीतकालीन सत्र से पहले कांग्रेस ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग का नोटिस जल्द ही देगी. बताया जा रहा है कि अगले सत्र में पार्टी का सिर्फ एक मुद्दा होगा और वो है ज्ञानेश कुमार.
सुप्रिया श्रीनेत का तीखा हमला
इस बीच कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत का बयान सामने आया है. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला किया है. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार केरल cadre के IAS अधिकारी हैं, जो अभी वोट चोरी और देशद्रोह करते धरे गए हैं. उन्होंने कहा कि कुमार की काली करतूतों की लंबी लिस्ट है.
जीजी थॉमसन के मुद्दे पर घेरा
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि केरल के पूर्व मुख्य सचिव जीजी थॉमसन ने बताया है कि ज्ञानेश कुमार ने उन्हें BJP के टिकट पर चुनाव लड़ने का ऑफर दिया था. उन्होंने कहा कि ये बात 2016 की है जब दोनों एक फ्लाइट में थे. जहां ज्ञानेश कुमार ने उनसे 2019 के लोकसभा चुनाव में केरल के पठानमथिट्टा लोक सभा से BJP का टिकट दिलाने की बात कही और सांसद बनने पर केंद्रीय मंत्री बनवाने का भी वादा किया था.
कांग्रेस नेता ने कहा कि पूरी फ्लाइट में ज्ञानेश कुमार अंधभक्त की तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुणगान करते रहे. इस दौरान यह एक serving officer थे. उन्होंने कहा कि मतलब यह वोट चोर बनने से पहले BJP की दलाली कर रहे थे. उन्होंने कहा कि जरा सोचिए जो आदमी BJP का टिकट सेट कर रहा था, जो मोदी का अंधभक्त है वो क्या ही निष्पक्ष चुनाव कराएगा. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश गद्दार हैं और उनकी जगह सलाखों के पीछे जेल में है.



