तेलंगाना सीएम के बयान पर मचा घमासान
भाजपा ने कांग्रेस पर किया तीखा प्रहार

- भाजपा उत्तर भारत में इसलिए सफल क्योंकि उसने भगवान राम को हथिया लिया : रेड्डी
सीएम बोले- क्या भाजपा के लोगों ने कभी मंच से ‘हर हर महादेव’ कहा है
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के एक बयान ने देश की राजनीति में नया भूचाल ला दिया है। दिल्ली में आयोजित एक मीडिया सम्मेलन को संबोधित करते हुए रेवंत रेड्डी ने दावा किया कि कांग्रेस की सफलता दक्षिण भारत तक सीमित रहने और उत्तर भारत में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन न कर पाने की मुख्य वजह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) द्वारा भगवान राम की राजनीति को हथियाना है। रेवंत रेड्डी ने दावा किया कि कांग्रेस सिर्फ दक्षिण में सफल है, उत्तर के राज्यों में नहीं, क्योंकि भाजपा ने भगवान राम को हथिया लिया है, जिन्हें उत्तर में पूजा जाता है, जबकि दक्षिणी राज्यों में शिव की पूजा होती है।
दिल्ली में एक मीडिया संगठन के सम्मेलन को संबोधित करते हुए रेड्डी ने यह भी कहा कि देश में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ वैसा ही आंदोलन होगा, जैसा आजादी की लड़ाई के दौरान ‘साइमन, वापस जाओ’ आंदोलन हुआ था। उन्होंने कहा, हम द्रविड़ हैं। यहां (उत्तर भारत में) लोग आर्य हैं। हम भगवान शिव के भक्त हैं और ये भगवान राम के भक्त हैं। भाजपा ने राम को हथिया लिया। यह भावना और आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा, ‘मोदी जी ‘हर हर महादेव’ क्यों नहीं कहते? क्या भाजपा के लोगों ने कभी मंच से ‘हर हर महादेव’ कहा है? वे केवल ‘जय श्री राम’ कहते हैं। जब हम ‘हर हर महादेव’ कहते हैं, तो उन्हें यह पसंद नहीं आता।’’ रेड्डी ने दावा किया कि ‘‘शिव गरीबों के भगवान हैं, राम अमीरों के भगवान हैं और भाजपा अमीरों की पार्टी है। मुख्यमंत्री से सवाल किया गया था कि कांग्रेस दक्षिण भारत में लोकप्रिय क्यों है, जबकि देश के उत्तर, पूर्व और पश्चिमी हिस्सों में नहीं। रेड्डी ने कहा कि ‘साइमन गो बैक’ आंदोलन की तरह ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे और एम. के. स्टालिन समेत विपक्षी दलों के नेताओं को एकजुट होकर ‘एसआईआर गो बैक’ आंदोलन चलाना होगा। इस बीच, केंद्रीय राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने रेवंत रेड्डी की टिप्पणियों की आलोचना की। संजय कुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पहले ‘कांग्रेस का मतलब मुस्लिम और मुस्लिम का मतलब कांग्रेस’ कहने वाले रेवंत रेड्डी अब भगवान राम और भगवान शिव के बीच राजनीतिक विभाजन की रेखा खींच रहे हैं।
आंध्र में गठबंधन राज में एससी और ओबीसी वर्ग असुरक्षित: वाईएसआरसीपी
वाईएसआरसीपी के नेताओं ने आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश की गठबंधन सरकार के तहत दलितों, गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के साथ भेदभाव और उनका दमन बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार की जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।नेता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में महाकवि गुर्रम जशुवा और क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह की जयंती समारोह में बोल रहे थे। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इन दोनों महान हस्तियों को श्रद्धांजलि दी और सामाजिक न्याय, समानता और स्वतंत्रता में उनके योगदान को याद किया। नेताओं ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार ने शिक्षा, कल्याण, राजनीतिक प्रतिनिधित्व, सामाजिक सम्मान और कमजोर व हाशिए पर रहने वाले समुदायों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी थी। उन्होंने मौजूदा सरकार की स्थिति की तुलना पिछली सरकार से करते हुए कहा कि दलितों, एससी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है, जिसका असर खासकर महिलाओं और वंचित वर्गों पर पड़ रहा है।
भाजपा का आरोप- ये हिंदुओं को बांटने की साजिश
रेवंत रेड्डी के बयान पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के निर्देश पर इस तरह की बयानबाजी करने का आरोप लगाया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि रेड्डी की टिप्पणी का मकसद हिंदुओं को बांटना है और यह कांग्रेस की वोट बैंक की राजनीति का हिस्सा है। भंडारी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने वोट बैंक की राजनीति के लिए और राहुल गांधी के निर्देश पर हिंदुओं को बांटने का नया तरीका खोजने की कोशिश में यह टिप्पणी की। भंडारी ने कांग्रेस को आधुनिक मुस्लिम लीग कांग्रेस भी बताया और दावा किया कि उसके नेताभगवान राम और भगवान शिव के अनुयायियों के बीच हिंदुओं को बांटने की अपनी कथित साजिश में सफल नहीं होंगे। भंडारी ने कहा, देश यह नहीं भूला है कि कांग्रेस ने सोमनाथ मंदिर के निर्माण का विरोध किया, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का विरोध किया और 2018 में हर हर महादेव का उद्घोष करने पर पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं को निलंबित कर दिया।



