आदिवासी परिवारों को लाठी नहीं, न्याय चाहिए : सिंघार

- राहुल गांधी के दौरे से पहले कांग्रेस ने भाजपा की मोहन सरकार को घेरा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत, शिक्षक पात्रता परीक्षा, राशन की बर्बादी और केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित परिवारों के मुद्दे उठाए। सिंघार ने बताया कि राहुल गांधी 1 अक्टूबर को बालाघाट पहुंचेंगे और प्रभावित आदिवासी परिवारों से मुलाकात करेंगे। उमंग सिंघार ने कहा कि राहुल गांधी 1 अक्टूबर को बालाघाट आएंगे। वे प्रभावित आदिवासी इलाकों में जाकर बच्चों की मौत से पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनकी स्थिति की जानकारी लेंगे।
सिंघार ने कहा कि बच्चों की मौत से प्रभावित आदिवासी परिवारों की समस्याओं को समझना जरूरी है। कांग्रेस का आरोप है कि इन इलाकों में स्वास्थ्य, पोषण और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं हैं। नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में पिछले पांच साल में सरकारी और निजी गोदामों में करीब 300 करोड़ रुपये का अनाज खराब हो गया। उनके मुताबिक एक लाख मीट्रिक टन से ज्यादा राशन नमी, बारिश और चूहों के कारण बर्बाद हुआ। सिंघार ने कहा कि अनाज के रखरखाव और परिवहन पर सरकार 100 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में कुपोषण की समस्या है, तो इतनी बड़ी मात्रा में खाद्यान्न कैसे खराब हुआ। शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर चल रहे आंदोलन का मुद्दा भी सिंघार ने उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने फैसले शिक्षकों पर थोप रही है। सिंघार ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस शिक्षकों के साथ खड़ी है और शिक्षकों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।



