मीरजापुर: दर्शन कर लौट रहे थे चार युवक, हाईवे पर ट्रक से भिड़ी कार; ठेकेदार की मौत
मीरजापुर के कपसौर पुल के पास कार ट्रक से टकरा गई। वाराणसी से दर्शन कर लौट रहे ठेकेदार अखिल तिवारी की मौत हो गई, जबकि एक साथी गंभीर रूप से घायल है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: वाराणसी में दर्शन-पूजन कर घर लौट रहे चार युवकों की यात्रा गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गई। वाराणसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कपसौर गांव के पुल के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार चला रहे ठेकेदार अखिल तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक साथी गंभीर रूप से घायल है।
ट्रक से पीछे से टकराई कार
रीवा जिले के किटवारिया निवासी अखिल तिवारी बुधवार शाम अपने साथी साहिल खान, कृष्ण मुरारी और सुधांशु के साथ वाराणसी दर्शन और घूमने गए थे। गुरुवार सुबह सभी कार से वापस लौट रहे थे। कार अखिल चला रहे थे। कपसौर गांव के पास पुल पर पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई।
एक की मौत, साथी की हालत गंभीर
हादसे की सूचना पर डायल 112 की पीआरबी टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को पड़री प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने अखिल तिवारी को मृत घोषित कर दिया। साहिल खान की हालत गंभीर होने पर उन्हें मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
दो भाइयों में छोटे थे अखिल
अखिल तिवारी अविवाहित थे और ठेकेदारी का काम करते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई का नाम आनंद तिवारी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर हाईवे पर यातायात भी बहाल कराया गया।
रिपोर्ट- संतोष देव गिरि, मीरजापुर
यह भी पढ़ें: मंडी समिति की आढ़त में रातोंरात सेंधमारी, लाखों की नकदी और खाते लेकर फरार हुए चोर



