गिल का दोहरा शतक, भारत ने वेस्टइंडीज को चटाई धूल

- रोहित का भी सैकड़ा, भारत के पाससीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
गुवाहाटी। भारतीय कप्तान शुभमन गिल के रिकॉर्डतोड़ नाबाद दोहरे शतक और रोहित शर्मा की शानदार सेंचुरी की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज को दूसरे वनडे में आठ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन शतकों की मदद से 405/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में भारत ने 43.3 ओवर में दो विकेट खोकर 406 रन बनाते हुए वनडे इतिहास के अपने सबसे बड़े लक्ष्य का सफल पीछा किया।
भारत की जीत के नायक कप्तान शुभमन गिल रहे, जिन्होंने 133 गेंदों में नाबाद 223 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। उन्होंने 117 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया और वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। गिल ने इस मामले में अपने ही साथी ईशान किशन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 126 गेंदों में 200 रन पूरे किए थे।
गिल ने 117 गेंदों में 200 रन पूरे कर इतिहास रच दिया। गिल का यह वनडे में दूसरा दोहरा शतक है। इस तरह वह रोहित शर्मा के बाद वनडे में दो दोहरे शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं। रोहित शर्मा ने महज 75 गेंदों में 101 रन बनाए। वह वनडे क्रिकेट में 12 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के सातवें बल्लेबाज और तीसरे भारतीय बने। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। रोहित का यह वनडे में 35वां शतक भी रहा। गिल-रोहित ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 26.2 ओवर में 255 रन जोड़ दिए।
इससे पहले वेस्टइंडीज के जॉन कैंपबेल, शाई होप और अमीर जांगू ने शतक लगाए। कैंपबेल ने 101 रन बनाए। कैंपबेल के बाद शाई होप ने 104 रन बनाए। वहीं अमीर जांगू ने 114 रन की पारी खेली।
एशियन गेम्स: बांग्लादेश को हराकर पाक फाइनल में
निशिन। एशियन गेम्स में पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान टीम ने बांग्लादेश को छह विकेट से हरा दिया और फाइनल में जगह बना ली है। इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान साहिबजादा फरहान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। बारिश की वजह से यह मुकाबला 13-13 ओवर का कर दिया गया था। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 13 ओवर में सात विकेट पर 111 रन बनाए थे। 112 रन के लक्ष्य को पाकिस्तान ने 11.3 ओवर में हासिल कर लिया। हसन नवाज 27 रन और अब्दुल समद 30 रन बनाकर नाबाद रहे।



