श्रद्धा दुबे केस पर सियासी घमासान, अखिलेश बोले- सरकार पर पड़ेगा भारी

अखिलेश ने कहा कि कुछ चैनल श्रद्धा के साथ हैं, जबकि कुछ उसके खिलाफ हैं. उन्होंने मामले में न्याय की मांग करते हुए संकेत दिया कि यह प्रकरण सरकार के लिए भारी पड़ सकता है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने श्रद्धा दुबे की फरारी और शिवा शर्मा की मौत के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए हैं.

उन्होंने कहा कि पुलिस श्रद्धा को पकड़ नहीं पा रही थी,
और यह सामान्य मामला नहीं है. अखिलेश ने कहा कि कुछ चैनल श्रद्धा के साथ हैं, जबकि कुछ उसके खिलाफ हैं. उन्होंने मामले में न्याय की मांग करते हुए संकेत दिया कि यह प्रकरण सरकार के लिए भारी पड़ सकता है.

अखिलेश यादव ने कहा कि मामले को सामान्य घटना की तरह नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि एक बार गाड़ी नहीं पलटी थी, सरकार पलटने से बचाई गई थी… ये मामला भी सामान्य मामला नहीं है.’ अखिलेश यादव ने विकास दुबे के एनकाउंटर का जिक्र करते हुए योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए.

श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी पर पुलिस से सवाल

लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में श्रद्धा दुबे मुख्य आरोपियों में शामिल हैं. 50 हजार की इनामी श्रद्धा दुबे की पुलिस तलाश कर रही है, जबकि श्रद्धा सार्वजनिक रूप से अपने ऊपर लगे आरोपों को नकार चुकी हैं.

मामले में उनकी गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं. अखिलेश यादव ने इसी मुद्दे पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और कहा कि मामले में न्याय मिलना चाहिए.

महंगाई, बेरोजगारी और मिलावट पर सरकार को घेरा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की आय के मुद्दे पर बीजेपी सरकार को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि किसानों की आय नहीं बढ़ी है, बेरोजगारी बढ़ रही है और लोगों का जीवनस्तर बेहतर नहीं हो रहा. अखिलेश ने बाजार में मांग कम होने का दावा करते हुए कहा कि लोगों की जेब में सामान खरीदने के लिए पैसा नहीं है, इसलिए बाजार में रौनक नहीं है. उन्होंने किसानों और व्यापारियों की परेशानी का भी जिक्र किया.

फ्रांस के आंदोलन और रोजगार का किया जिक्र

मिलावट के मुद्दे पर अखिलेश ने सवाल उठाया कि आज किस चीज में मिलावट नहीं हो रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री पर मिलावटखोरों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. अखिलेश यादव ने कहा कि फ्रांस जैसे विकसित देशों में भी शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन हो रहे हैं.

उन्होंने भारत में चल रहे आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि यहां लोग लोकतंत्र और वोट बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में मजदूर दूसरे राज्यों और क्षेत्रों में काम करने के लिए गए हैं.

वोटर लिस्ट और चुनाव आयोग पर भी निशाना

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर बूथ स्तर पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि एक ही व्यक्ति के नाम पर कई वोट बनाए जा रहे हैं. अखिलेश ने कहा कि जब बीजेपी फंसती है तो अलग-अलग तरह के आरोप लगाती है.

उन्होंने वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग को घेरते हुए सवाल किया कि अगर आयोग से सवाल पूछे जा रहे हैं तो बीजेपी उसे बचाने के लिए क्यों आगे आती है. अखिलेश ने चुनाव आयोग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर भी सवाल उठाए.

संविधान दिवस पर प्रण पत्र जारी करेगी सपा

अखिलेश यादव ने संविधान को समाजवादी पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि संविधान उनका प्राण है. उन्होंने कहा कि PDA के लोगों ने संविधान बचाया है और सपा भी संविधान की रक्षा के लिए काम करेगी. अखिलेश के मुताबिक, समाजवादी पार्टी संविधान दिवस के अवसर पर अपना प्रण पत्र जारी करेगी.

Related Articles

Back to top button