सीतापुर में DM-SP का मतदान केंद्रों पर छापा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
Sitapur News: डीएम डॉ. राजागणपति आर. और एसपी अंकुर अग्रवाल ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निष्पक्ष चुनाव, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं की सुविधा को लेकर सख्त निर्देश दिए।

सीतापुर: चुनाव के दौरान मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें, इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर सीतापुर नगर क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज समेत कई केंद्रों का निरीक्षण
डीएम और एसपी ने म्यूनिसिपल इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज समेत अन्य मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निर्भीक होकर मतदान करें मतदाता, नियमों का हो पालन
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय या दबाव के मतदान करने का अवसर मिलना चाहिए। मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के साथ प्रतिबंधित वस्तुओं को मतदान कक्ष में ले जाने से रोकने को भी कहा गया। प्रशासन का जोर मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित और निष्पक्ष बनाए रखने पर है।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को दिए सुरक्षा के निर्देश
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के इस निरीक्षण का उद्देश्य मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखना और मतदाताओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: कानपुर के मेले में बड़ा हादसा टला! चलते-चलते टूटा ग्रेविटी झूला, मची अफरा-तफरी


