कैम्पियरगंज में 125 एकड़ में होगा निर्माण कार्य, डीएम दीपक मीणा ने देखीं तैयारियां

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने संबंधित अधिकारियों के साथ प्रस्तावित निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कैम्पियरगंज क्षेत्र के भारीवैसी में प्रस्तावित वानिकी विश्वविद्यालय के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। करीब 590 करोड़ रुपये की लागत से 125 एकड़ में बनने वाले इस विश्वविद्यालय का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिलान्यास करेंगे। शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने संबंधित अधिकारियों के साथ प्रस्तावित निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भूमि की स्थिति, सीमांकन और शिलान्यास कार्यक्रम से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

वन अनुसंधान और उच्च शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

प्रस्तावित वानिकी विश्वविद्यालय पूर्वांचल में उच्च शिक्षा, वन अनुसंधान और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विश्वविद्यालय में वानिकी, वन प्रबंधन, जैव विविधता और पौधरोपण जैसे विषयों पर अध्ययन एवं शोध के अवसर मिलने की उम्मीद है।

इससे विद्यार्थियों को वन एवं पर्यावरण से जुड़े क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलेगा। साथ ही वन संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरणीय चुनौतियों पर शोध को भी बढ़ावा मिल सकेगा। निरीक्षण के दौरान विधायक फतेह बहादुर सिंह, एसडीएम आलोक रंजन सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button