सोनौली सीमा पर तस्करी का खुलासा, इतने नशीले इंजेक्शन जब्त

सोनौली सीमा के मुख्य गेट के पास रविवार सुबह चेकिंग के दौरान 1503 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।

सोनौली सीमा के मुख्य गेट के पास रविवार सुबह चेकिंग के दौरान 1503 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। मौके से एक आरोपित को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई। बरामद इंजेक्शनों में बुप्रेनोरफिन, डाइजापाम और प्रोमेथाजीन हाइड्रोक्लोराइड शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में भारत-नेपाल सीमा पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सोनौली सीमा के मुख्य गेट के पास संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान कार सवार प्रेमचन्द पुत्र संतराम, निवासी जुगौली, थाना सोनौली को प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

तीन प्रकार के 1503 इंजेक्शन बरामद

पुलिस की ओर से जारी विवरण के मुताबिक, बरामदगी में 511 एम्पुल बुप्रेनोरफिन, 499 एम्पुल डाइजापाम और 493 एम्पुल प्रोमेथाजीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन शामिल हैं। कुल 1503 इंजेक्शन बरामद हुए हैं। टीम ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हरियाणा नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार (HR 72D 6317) को भी जब्त कर लिया।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना सोनौली में मु0अ0सं0 96/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/23 में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया है।

पुलिस-एसएसबी की संयुक्त टीम रही शामिल

कार्रवाई थानाध्यक्ष सोनौली विशाल कुमार शुक्ला के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में सोनौली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार पटेल, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार और कांस्टेबल अनूप मिश्रा शामिल रहे। एसएसबी की ओर से उपनिरीक्षक रामलाल, हेड कांस्टेबल करमवीर प्रताप गहलोत और कांस्टेबल नवनीत कुमार ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button