सुरों से सजेगी शाम, 4PM की नई उड़ान

‘4पीएम तहज़ीब’ का मुंबई में हुआ धमाकेदार आगाज

  • पहली ही संध्या में कविता और भारतीय शास्त्रीय संगीत का अद्भुत संगम
  • वैष्णवी शर्मा की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, संजय शर्मा ने किया हर महीने सांस्कृतिक आयोजन का एलान

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। प्रकाशन, सोशल मीडिया, यूट्यूब और फिल्मों के बाद 4PM ने संस्कृति के क्षेत्र में भी नई पारी शुरू कर दी है। 4PM के संपादक संजय शर्मा ने ‘4PM तहज़ीब’ के नाम से हर महीने सांस्कृतिक संध्या सजाने का एलान ही नहीं किया बल्कि इसकी शुरुआत भी यादगार बना दी।
मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित वेदा कुंज ऑडिटोरियम में आयोजित पहली संध्या में गायिका वैष्णवी शर्मा के सुरों और काव्य प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि खचाखच भरे सभागार में श्रोता कविता और भारतीय शास्त्रीय संगीत के संगम में डूबे नजर आए। संगीत, साहित्य, सिनेमा और सार्थक संवाद को एक मंच पर लाने वाली इस पहल ने पहली ही प्रस्तुति से अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया।

सजेगी संस्कृति की महफिल नई प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

वरिष्ठ पत्रकार और फिल्म ‘सहिया’ के निर्माता-निर्देशक संजय शर्मा ने ‘4PM तहज़ीब’ की परिकल्पना को साझा करते हुए कार्यक्रम की शुरूआत का एलान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक शाम तक सीमित नहीं बल्कि निरंतर चलने वाली सांस्कृतिक यात्रा की पहली कड़ी है। इसके अंतर्गत हर महीने एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें संगीत, साहित्य, अभिनय और संवाद की दुनिया से जुड़े कलाकारों को दर्शकों के सामने अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। 4पीएम के संजय शर्मा के अनुसार इस पहल का उद्देश्य कलाकारों और दर्शकों को एक ऐसे मंच पर लाना है जहां कला का आनंद लेने के साथ उसके पीछे के विचारों अनुभवों और संवेदनाओं को भी समझा जा सके। स्थापित कलाकारों के साथ नई प्रतिभाओं को अवसर देने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता/सोशल मीडिया/फिल्मस के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के बाद 4पीएम अब संगीत और सिनेमा के क्षेत्र में भी अपनी उपस्थिति मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ‘4PM तहज़ीब’ इसी व्यापक सोच का हिस्सा है जिसके माध्यम से संस्कृति की समृद्ध परंपरा को नियमित आयोजनों के जरिए दर्शकों तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।

जारी रहेगा कारवां

कार्यक्रम के अंत में 4पीएम की एमडी बबिता चतुर्वेदी ने उपस्थित सभी दर्शकों का हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आप लोग दूर—दराज से इस कार्यक्रम में आए संगीत को इतने प्रेम और ध्यान से सुना और हमारी पहली कोशिश को इतना स्नेह दिया इसके लिए मैं हृदय से आभारी हूं। आपकी उपस्थिति और प्यार हमारे लिए बहुत बड़ा प्रोत्साहन है। स्वयं भी एक अच्छी गायिका बबिता चतुर्वेदी ने कहा कि संगीत लोगों को जोड़ता है और 4पीएम तहज़ीब के माध्यम से ऐसी आत्मीय संगीत संध्याओं और सांस्कृतिक मुलाकातों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

कविता के शब्द रागों के सुर और भावनाओं का जादू

4पीएम तहजीब के पहले शो में वैष्णवी शर्मा ने जैसे ही अपनी आवाज में सुरों की यात्रा शुरू की श्रोताओं का ध्यान मंच पर टिक गया। कविता के भावों को भारतीय शास्त्रीय संगीत के रागों के साथ पिरोती उनकी प्रस्तुतियों ने शब्दों को नई अनुभूति दी। कहीं ओज था कहीं भावनाओं की तीव्रता और कहीं सुरों की शांति हर प्रस्तुति अपने अलग रंग में सामने आई। वैष्णवी शर्मा ने ‘राम की चेतावनी’ को राग बैरागी भैरव के साथ प्रस्तुत किया। ‘विराटजयी’ की प्रस्तुति राग मधुवंती पर आधारित रही। ‘कुपित याज्ञसेनी’ में राग पूरिया धनाश्री और पंतुवराली का रंग सुनने को मिला जबकि ‘सब अनहद है’ को राग जयजयवंती और भैरवी के साथ प्रस्तुत किया गया। इन रचनाओं में कविता का ओज, भावनाओं की गहराई और शास्त्रीय संगीत की बारीकियां एक साथ उभरकर सामने आईं। प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को कविता के कथ्य और संगीत की अनुभूति को एक साथ ग्रहण करने का अवसर दिया। सभागार में दर्शकों की तन्मयता और बड़ी संख्या में उनकी मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया।

हर महीने नए गीत हर महीने नई फिल्म

संजय शर्मा ने 4पीएम की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ‘4पीएम म्यूजिक’ के माध्यम से हर महीने नए गीत जारी किए जाएंगे। वहीं ‘4पीएम फिल्म्स’ के अंतर्गत हर महीने शॉर्ट फिल्मों के निर्माण की योजना है। उन्होंने कहा कि अच्छी कहानियों नए विचारों और प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच देने के लिए संस्थान लगातार काम करेगा। संगीत, फिल्म और सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए दर्शकों के साथ एक व्यापक और आत्मीय संबंध बनाने की कोशिश की जा रही है। ‘4PM तहज़ीब’ की मासिक संध्याएँ इसी प्रयास को आगे बढ़ाएँगी। इस मंच पर कला की विभिन्न विधाओं को एक साथ लाने और कलाकारों को सीधे दर्शकों से जोडऩे की परिकल्पना है।

Related Articles

Back to top button