Bareilly News: IGRS शिकायतों में लापरवाही पड़ी भारी, 2 SHO लाइन हाजिर; सिपाही भी सस्पेंड

Bareilly News: IGRS शिकायतों में लापरवाही पर SSP अनुराग आर्य ने बहेड़ी और शेरगढ़ के दो SHO को लाइन हाजिर किया। महिला की FIR में देरी पर एक सिपाही सस्पेंड हुआ।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में जनता की शिकायतों को नजरअंदाज करना पुलिस अधिकारियों को भारी पड़ गया। IGRS शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और लंबित मामलों की बढ़ती संख्या पर SSP अनुराग आर्य ने सख्त कार्रवाई की है। बहेड़ी और शेरगढ़ के थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया गया, जबकि महिला की FIR दर्ज करने में देरी के मामले में एक सिपाही को सस्पेंड किया गया है।

बहेड़ी और शेरगढ़ के SHO पर गिरी गाज

मंगलवार सुबह पुलिस ऑफिस में जनसुनवाई और IGRS शिकायतों की समीक्षा की गई। इसमें राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के सामने फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। समीक्षा में बहेड़ी और शेरगढ़ थानों में शिकायतों की संख्या और लंबित मामलों की स्थिति खराब मिली।

इसके बाद SHO बहेड़ी प्रदीप कुमार चतुर्वेदी और SHO शेरगढ़ राजेश कुमार मौर्य को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। तीन अन्य थाना प्रभारियों को व्यक्तिगत चेतावनी भी दी गई।

महिला की FIR में छह दिन की देरी, सिपाही सस्पेंड

SSP के मुताबिक, बहेड़ी थाने में 23 तारीख को एक महिला शिकायत लेकर पहुंची थी, लेकिन छह दिन तक उसकी FIR दर्ज नहीं की गई। मामले में लापरवाही बरतने वाले जांचकर्ता सिपाही को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वहीं, शिकायतों के निस्तारण में बेहतर प्रदर्शन करने पर भोजीपुरा, सिरौली, नवाबगंज और फतेहगंज पूर्वी के थाना प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

CO भी करेंगे थानों में जनसुनवाई की समीक्षा

SSP अनुराग आर्य ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि शिकायतों को गंभीरता और निष्पक्षता से सुनकर समयबद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। नई व्यवस्था के तहत CO सप्ताह में कम से कम तीन दिन किसी थाने में जाकर जनसुनवाई और शिकायत रजिस्टर की समीक्षा करेंगे। लापरवाही मिलने पर संबंधित CO रिपोर्ट भेजेंगे।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: काशी में बीजेपी की हार पर सपा का तंज, बोली- प्रभु का आशीर्वाद हमारे साथ

Related Articles

Back to top button