किसानों के 162 करोड़ रुपये कब मिलेंगे? केसर चीनी मिल पर बढ़ा दबाव, आंदोलन की तैयारी
Bareilly News: बहेड़ी की केसर चीनी मिल पर किसानों का 162 करोड़ रुपये बकाया है। BJP नेता ने CM योगी को पत्र लिखा, जबकि किसान 30 अक्टूबर को धरना देंगे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली के बहेड़ी में केसर चीनी मिल पर गन्ना किसानों के 162 करोड़ रुपये बकाया भुगतान का मामला गरमा गया है। लंबे समय से पैसे का इंतजार कर रहे किसानों की परेशानी बढ़ रही है। मिल के बंद होने की आशंका ने भी चिंता बढ़ा दी है। अब भाजपा नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। वहीं, किसान 30 अक्टूबर को धरना देने की तैयारी में हैं।
162 करोड़ रुपये बकाया, किसानों की आजीविका पर संकट
भाजपा नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि केसर चीनी मिल पर करीब 162 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान बाकी है। भुगतान में देरी से किसानों को खेती की लागत और परिवार की जरूरतें पूरी करने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि मिल बंद हुई तो किसान ही नहीं, बल्कि श्रमिकों, व्यापारियों और इससे जुड़े हजारों परिवारों की आजीविका भी प्रभावित होगी।
CM योगी की निगरानी में समिति बनाने की मांग
राहुल गुप्ता ने शासन स्तर पर उच्चस्तरीय समिति गठित करने का आग्रह किया है। समिति के जरिए बकाया भुगतान सुनिश्चित करने और मिल का संचालन जारी रखने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की मांग की गई है। उनका कहना है कि किसानों के हितों की रक्षा के साथ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बचाना भी जरूरी है।
अखिलेश यादव का 24 घंटे में भुगतान का दावा, किसान करेंगे धरना
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे को उठाया है। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार बनने पर 24 घंटे के भीतर 162 करोड़ रुपये का भुगतान कराया जाएगा। सपा ने मिल को कर्ज उपलब्ध कराने की मांग करते हुए 31 अक्टूबर को प्रदर्शन का ऐलान किया है।
इधर, किसान 30 अक्टूबर को गन्ना समिति परिसर में गैर-राजनीतिक धरना देंगे। इसके लिए गांवों में संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अब किसानों की नजर शासन के फैसले पर है कि बकाया भुगतान कब होगा और मिल का संचालन जारी रखने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: Bareilly News: IGRS शिकायतों में लापरवाही पड़ी भारी, 2 SHO लाइन हाजिर; सिपाही भी सस्पेंड



