बैंक से दो लाख निकालकर लौट रहा था युवक, रास्ते में लूट; अब पुलिस मुठभेड़ में खुला राज
Bareilly News: भोजीपुरा में दो लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा किया। मनहेरा पुलिया पर मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ और तीन आरोपी गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद की गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली के भोजीपुरा में बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे युवक को निशाना बनाने वाले बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दिनदहाड़े हुई दो लाख रुपये की लूट के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शनिवार को मनहेरा पुलिया के पास पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया। इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि एक सिपाही को भी चोट आई है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई पूरी रकम बरामद कर ली है।
बैंक से निकाले दो लाख रुपये, रास्ते में तमंचा दिखाकर लूट
पुलिस के मुताबिक, भोजीपुरा थाना क्षेत्र के रतना चुन्नीलाल गांव निवासी उवैश 30 अक्टूबर को अपने दोस्त मोनिश अली के साथ बैंक से दो लाख रुपये निकालकर बाइक से घर लौट रहे थे। अलीनगर से गांव जाने वाले खड़ंजे पर ट्यूबवेल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उन्हें गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लूटकर लाडपुर की ओर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मनहेरा पुलिया पर पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़
शनिवार को पुलिस टीम मनहेरा पुलिया के पास आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एहसान अली निवासी खजुरिया खुर्द, रामपुर के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसके साथी विनीत गंगवार निवासी सराय और मोनिश अली निवासी रतना चुन्नीलाल को भी गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में सिपाही अंकित कुमार की बाईं बाजू में भी गोली की रगड़ से चोट आई।
दो लाख रुपये बरामद, वारदात में इस्तेमाल बाइक भी मिली
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए पूरे दो लाख रुपये बरामद किए हैं। एहसान के पास से एक लाख रुपये, तमंचा, कारतूस और मोबाइल मिला, जबकि विनीत और मोनिश के पास से 50-50 हजार रुपये बरामद हुए। वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। घायल आरोपी और सिपाही को सीएचसी भोजीपुरा में उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: बांदा में रिश्तों का कत्ल! जिस बेटे को बनाया बुढ़ापे का सहारा, उसी ने ले ली पिता की जान



