बांदा में रिश्तों का कत्ल! जिस बेटे को बनाया बुढ़ापे का सहारा, उसी ने ले ली पिता की जान
Banda News: बांधापुरवा गांव में पारिवारिक विवाद के बाद बेटे ने धारदार हथियार से पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने दो टीमें गठित कर आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है। जिस पिता ने बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी बेटे पर उनकी हत्या करने का आरोप है। पारिवारिक विवाद के बाद बेटे ने कथित तौर पर धारदार हथियार से पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। देर रात हुई इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दो टीमें गठित कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
पारिवारिक विवाद के बाद पिता पर किया हमला
पूरा मामला बांदा शहर कोतवाली क्षेत्र के बांधापुरवा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, देर रात किसी पारिवारिक बात को लेकर पिता और पुत्र के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बेटे ने धारदार हथियार से अपने पिता पर हमला कर दिया। हमले में पिता की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस की दो टीमें गठित, आरोपी बेटा गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात ही आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हत्या के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस
सीओ सिटी बांदा सौरभ सिंह के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में पारिवारिक विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, विवाद की असली वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: कानपुर में पटाखों का बड़ा अवैध गोदाम पकड़ा, पुलिस की रेड में 2 कुंतल से ज्यादा माल बरामद



