मां की बिगड़ी तबीयत तो घर बुलाया डॉक्टर, इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद हो गई मौत
Badaun News: बिसौली के मुहम्मदपुर मई गांव में बंगाली डॉक्टर के इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है, पुलिस जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बदायूं में इलाज के दौरान एक महिला की मौत से हड़कंप मच गया। रात में अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने एक बंगाली डॉक्टर को घर बुलाया था। आरोप है कि डॉक्टर ने महिला को इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात में बिगड़ी तबीयत, घर बुलाया गया डॉक्टर
पूरा मामला बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदपुर मई गांव का है। जानकारी के मुताबिक, महिला की रात में अचानक तबीयत काफी ज्यादा खराब हो गई थी। इसके बाद परिवार के लोगों ने इलाज के लिए एक बंगाली डॉक्टर को घर बुलाया। मृतका के बेटे का आरोप है कि डॉक्टर ने उसकी मां को इंजेक्शन लगाया था।
इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद महिला की मौत
परिजनों के मुताबिक, इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ समय बाद ही महिला की मौत हो गई। मां की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और घर में चीख-पुकार शुरू हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उसे महिला की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। गांव में भी घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर बिसौली कोतवाली पुलिस गांव पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों और इलाज के दौरान हुई घटनाओं की जांच की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि महिला की मौत इंजेक्शन के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय वजह थी। जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
रिपोर्ट – संतुलित पाठक (बदायूं)
यह भी पढ़ें: MMMUT के चार छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया नाम, AICTE ने दी डॉक्टोरल फेलोशिप



