पहले कनेक्शन के नाम पर वसूले हजारों रुपये, अब गरीबों पर ही बिजली चोरी का मुकदमा!

Banda News: नरैनी के चौहानन पुरवा में ग्रामीणों ने लाइनमैनों पर कनेक्शन के नाम पर हजारों रुपये वसूलने का आरोप लगाया। बिजली चोरी के मुकदमे के बाद DM से न्याय की गुहार लगाई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बिजली का कनेक्शन लेने के लिए पैसे दिए, हर महीने बिल के नाम पर भी रकम चुकाई, लेकिन बदले में मिला बिजली चोरी का मुकदमा और हजारों रुपये के जुर्माने का नोटिस। बांदा में गरीब ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर कुछ ऐसे ही गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लाइनमैनों ने उन्हें वैध कनेक्शन का भरोसा देकर पैसे वसूले और अब उन्हीं परिवारों को बिजली चोरी का आरोपी बना दिया गया है। परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।

कनेक्शन और मीटर के नाम पर वसूले 10 हजार रुपये तक

पूरा मामला नरैनी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिपरहरी के मजरा चौहानन पुरवा का है। यहां के दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर दो लाइनमैन अशरफ और कृपाली पर अवैध वसूली के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, किसी से एक हजार तो किसी से 10 हजार रुपये तक कनेक्शन और मीटर लगवाने के नाम पर लिए गए। इसके बाद खंभे से केबल जोड़कर घरों में बिजली सप्लाई शुरू करवा दी गई।

हर महीने 300-400 रुपये वसूले, नहीं दी कोई रसीद

ग्रामीणों का आरोप है कि लाइनमैनों ने मीटर बाद में लगवाने का भरोसा दिया था। इसके अलावा हर महीने बिजली बिल के नाम पर 300 से 400 रुपये भी वसूले जाते रहे, लेकिन किसी को भुगतान की रसीद नहीं दी गई। करीब एक महीने पहले विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने गांव में छापेमारी की और कई ग्रामीणों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कर जुर्माने के नोटिस भेज दिए।

DM से कार्रवाई और सस्ते कनेक्शन की मांग

जुर्माने के नोटिस मिलने के बाद गरीब परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे मेहनत-मजदूरी करके परिवार चलाते हैं और इतनी बड़ी रकम चुकाना उनके लिए मुश्किल है। समाजसेविका सरोज देवी और पीड़ित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से दोनों लाइनमैनों के खिलाफ जांच और कार्रवाई, दर्ज मुकदमों की समीक्षा तथा कम शुल्क पर वैध बिजली कनेक्शन दिलाने की मांग की है। अब प्रशासन की जांच और बिजली विभाग की कार्रवाई पर सबकी नजर है।

रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: मां की बिगड़ी तबीयत तो घर बुलाया डॉक्टर, इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद हो गई मौत

Related Articles

Back to top button