बरेली में पुलिस टीम पर हमला, हिरासत से आरोपी को छुड़ाने की कोशिश; गांव में मचा हड़कंप
सीबीगंज के तिलियापुर गांव में वारंट तामील कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला हुआ। एक वारंटी फरार हो गया, जबकि पुलिस ने 12 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर सात को गिरफ्तार किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली में वारंटियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम को उस वक्त भारी विरोध का सामना करना पड़ा, जब आरोपियों के परिजन और समर्थक पुलिस से ही भिड़ गए। मामला सीबीगंज के तिलियापुर गांव का है, जहां पुलिस ने एक वारंटी को हिरासत में लिया तो परिवार के लोगों ने मारपीट और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इस दौरान दूसरे वारंटी को मौके से भगा दिया गया। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दो वारंटियों को पकड़ने पहुंची थी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, तिलियापुर गांव निवासी लईक और भोला पुत्र सफरुद्दीन उर्फ सिपहिया के खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट जारी हुए थे। शुक्रवार देर रात दरोगा पवन कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ दोनों को पकड़ने पहुंचे। पुलिस को भोला घर पर मिल गया, जिसे वारंट की जानकारी देकर हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद टीम ने दूसरे वारंटी लईक को पकड़ने की कोशिश की तो उसके परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया।
पुलिस से मारपीट, दूसरे वारंटी को भगाया
आरोप है कि लईक की पत्नी कुबरा समेत परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डाली। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। इसी दौरान लईक मौके से फरार हो गया। भीड़ ने भोला को भी छुड़ाने की कोशिश की। सूचना पर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा और भोला को सुरक्षित थाने ले जाया गया।
12 लोगों पर मुकदमा, सात गिरफ्तार
पुलिस ने भोला समेत 12 लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार लोगों में राशिद, जाहिद, शाहिद, अजहर, साबिर, इमरान और वारंटी भोला शामिल हैं। एसपी सिटी चिराग जैन के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। फरार वारंटी लईक और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: 300 साल पुराने मंदिर के कलश को कबाड़ में बेचने का आरोप, बांदा में मचा बवाल!



