पहले बाइक चोरी की, फिर महिलाओं के कुंडल लूटे, मुरादाबाद में आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले थाना सिविल लाइन क्षेत्र में कपूर कंपनी के पास एक महिला के कुंडल लूटने की वारदात हुई थी.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाएं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही थीं। खासकर राह चलती महिलाओं के कानों से कुंडल और गले से चेन छीनने की वारदातों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी थी।

आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद इतनी तेजी से मौके से फरार हो जाते थे कि पुलिस को उनका सुराग लगाना मुश्किल हो रहा था। आखिरकार मुरादाबाद पुलिस ने हजारों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी सर्विलांस की मदद से एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया।

थाना सिविल लाइन पुलिस ने ब्लाइंड लूट की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश की पहचान कटघर थाना क्षेत्र के ताजपुर माफी निवासी मोज्जम के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अलग-अलग जनपदों में करीब एक दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले थाना सिविल लाइन क्षेत्र में कपूर कंपनी के पास एक महिला के कुंडल लूटने की वारदात हुई थी. घटना के बाद पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचना बड़ी चुनौती था, क्योंकि शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिला था. इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की.

पुलिस की नजर से ऐसे बचते थे शातिर

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के भागने का रूट मैप मिला. फुटेज से पता चला कि वारदात के बाद वह मुरादाबाद से रामपुर की ओर निकला था. पुलिस और टोल प्लाजा की नजरों से बचने के लिए उसने हाईवे के बजाय गांवों के अंदरूनी रास्तों का इस्तेमाल किया और इन्हीं रास्तों से अपने घर पहुंचा.

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक चोरी की थी. आरोपी ने इस बाइक को घटना से तीन दिन पहले पड़ोसी जिले रामपुर से चुराया था. पूछताछ में सामने आया कि वह पहले वाहन चोरी करता था और फिर चोरी की बाइकों का इस्तेमाल महिलाओं से चेन और कुंडल छीनने जैसी वारदातों में करता था, ताकि बाइक के नंबर के आधार पर उसकी पहचान न हो सके.

पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया कुंडल, एक अवैध तमंचा और नशीला पदार्थ बरामद किया है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है. फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है. एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अपराधियों को सख्त संदेश मिला है.

Related Articles

Back to top button