मिडिल ईस्ट युद्ध में भारतीयों की मौत का आंकड़ा बढ़ा, जानिए 9 महीने में कितनों की गई जान?
ओमान के तट के पास एक मालवाहक जहाज पर हुए हमले में भारतीय नाविक गंधार नाहिम अजीज की मौत हो गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और तनाव के बीच एक और भारतीय नागरिक की जान चली गई है। ओमान के तट के पास एक मालवाहक जहाज पर हुए हमले में भारतीय नाविक गंधार नाहिम अजीज की मौत हो गई।
इस घटना के बाद समुद्री मार्गों पर बढ़ते खतरे को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। अधिकारियों ने 3 नवंबर को इस हमले की जानकारी दी। राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार बाकी 13 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। ओमान के कोस्ट गार्ड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
ओमान के तट के पास मालवाहक जहाज पर हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, ओमान के तट के नजदीक एक माल ले जाने वाले जहाज को निशाना बनाया गया। हमले के दौरान जहाज पर मौजूद भारतीय नाविक गंधार नाहिम अजीज की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह इस जहाज पर काम कर रहे थे।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले पर कार्रवाई शुरू की। हालांकि, हमले के पीछे किसका हाथ था और जहाज को किस वजह से निशाना बनाया गया, इस संबंध में विस्तृत जानकारी की पुष्टि होना अभी बाकी है।
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल की तरफ से इसकी जानकारी दी गई. उन्होंने सोशल मीडिया ‘X’ पर एक पोस्ट में बताया कि ये घटना 2 नवंबर को हुई. उन्होंने कहा कि ओमान के तट के पास से गुजरते समय जहाज पर एक “अज्ञात हवाई वस्तु” से हमला किया गया. इस जहाज पर 14 भारतीय नाविक सवार थे.
मंत्री ने शोक जाहिर करते हुए कहा, “ओमान के कोस्ट गार्ड ने 13 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन मुझे यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि हमारे एक नाविक, गुजरात के गंधार नाहिम अजीज की चोटों के कारण दुखद मौत हो गई है.”
जहाज पर कुल कितने नाविक सवार थे?
‘MSV अल जुसुफी’ नाम का ये जहाज गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के सलाया का है. ये जहाज UAE के हमरियाह बंदरगाह से सामान लेकर गुजरात के पोरबंदर की ओर जा रहा था, तभी एक विस्फोटक ड्रोन या मिसाइल ने इस पर हमला कर दिया.
इस पर कुल 14 भारतीय नाविक सवार थे. सोनेवाल ने बताया कि केंद्र सरकार और ओमान में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं, ताकि बचे हुए 13 लोगों को तुरंत मदद मिल सके और अजीज का शव भारत वापस लाया जा सके.
मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के बीच, जहां मालवाहक जहाजों पर लगातार हमले हो रहे हैं, कई भारतीय नाविक प्रभावित हुए हैं. विदेश मंत्रालय ने पिछले हफ्ते बताया था कि इस युद्ध के दौरान 14 नाविकों सहित कुल 22 भारतीय नागरिकों की जान चली गई है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने हर दो सप्ताह में होने वाली ब्रीफिंग के दौरान कहा, “हम इस स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हैं. दुख की बात है कि संघर्ष वाले इलाके में 22 भारतीय नागरिकों की जान चली गई है, जिनमें 14 नाविक भी शामिल हैं.”



