तहसीलदार-लेखपालों पर हमला पड़ा भारी, सुल्तानपुर में पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में नायब तहसीलदार और लेखपालों पर हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में नायब तहसीलदार और लेखपालों पर हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

शासन के सख्त रुख के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है। बुधवार सुबह पुलिस की अलग-अलग टीमों ने दो स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान आरोपियों और पुलिस के बीच दो अलग-अलग मुठभेड़ हुईं। मुठभेड़ में दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

नायब तहसीलदार और लेखपालों पर किया था हमला

मामला सुल्तानपुर जिले का है। बीते सोमवार को खनन माफियाओं ने नायब तहसीलदार और दो लेखपालों पर हमला कर दिया था। बताया जा रहा है कि सरकारी कर्मचारियों की टीम अपने काम के सिलसिले में मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपियों ने उनके साथ मारपीट और हमला किया।

इस घटना के बाद सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे। मामला शासन तक पहुंचने के बाद पुलिस और प्रशासन पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, पहली मुठभेड़ बुधवार सुबह करीब 5 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र के खैचला में हुई. यहां पुलिस टीम ने राहुल सिंह, नौशाद और मनोज सिंह को गिरफ्तार किया. इस दौरान राहुल सिंह के पैर में गोली लगी.

पुलिस ने बताया कि राहुल सिंह अमिलिया कला, थाना कोतवाली नगर का रहने वाला है. नौशाद प्रतापपुर, थाना बंधुआकला और मनोज सिंह रवनिया, थाना करौंदीकला का निवासी है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है.

पुलिस के अनुसार, राहुल सिंह के खिलाफ सुल्तानपुर जिले के अलग-अलग थानों में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने इन आरोपियों के पास से अवैध मिट्टी खनन में इस्तेमाल होने वाले चार डंपर भी बरामद किए हैं.

अखंडनगर में दूसरी मुठभेड़, दो भाइयों को लगी गोली

दूसरी मुठभेड़ बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे अखंडनगर थाना क्षेत्र में हुई. पुलिस के मुताबिक, यहां दो वांछित आरोपियों ने पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश की. इस दौरान हुई जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लग गई. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

घायल आरोपियों की पहचान संदीप सिंह और प्रशांत सिंह के रूप में हुई है. संदीप सिंह अमिलिया कला, थाना कोतवाली नगर का रहने वाला है, जबकि प्रशांत सिंह नकहा महमूदपुर, थाना गोसाईगंज का निवासी है. पुलिस के अनुसार, दोनों कोतवाली नगर क्षेत्र में खनन और राजस्व टीम पर हुए हमले के मामले में वांछित थे.

थार कार और अवैध हथियार बरामद

दूसरी मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक तमंचा और .12 बोर का एक देशी तमंचा बरामद किया. इसके अलावा दोनों बोर के एक-एक जिंदा कारतूस और एक-एक खोखा कारतूस भी मिला है. पुलिस को घटनास्थल से बिना नंबर प्लेट की काली थार कार भी मिली है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किए जाने की बात सामने आई है.

पुलिस के मुताबिक, संदीप सिंह के खिलाफ पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं. दोनों मुठभेड़ों में गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Related Articles

Back to top button