शराब के नशे में मेले में पहुंचे इंस्पेक्टर? आयोजक ने SSP से की शिकायत, मचा हड़कंप
बदायूं के दातागंज में मेला आयोजक ने इंस्पेक्टर पर शराब के नशे में अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया। एसएसपी से शिकायत के बाद मेले की अनुमति वापस लेने का ऐलान किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बदायूं के दातागंज में आयोजित होने वाले मेले को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हो गया है कि आयोजक ने मेला कराने से ही हाथ पीछे खींच लिए हैं। मेला आयोजक मोंटी गुप्ता ने थाना प्रभारी निरीक्षक पर शराब के नशे में मेले में पहुंचकर कमेटी के सदस्यों से अभद्रता और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में एसएसपी से शिकायत के बाद मेला आयोजन की अनुमति वापस लेने का ऐलान किया गया है।
इंस्पेक्टर पर नशे में पहुंचकर अभद्रता का आरोप
शिकायती पत्र के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 की रात थाना दातागंज के प्रभारी निरीक्षक कथित तौर पर शराब के नशे में मेले में पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने मेला कमेटी के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया और डंडे भी चलाए। आयोजक मोंटी गुप्ता ने इंस्पेक्टर पर उनके साथ-साथ चेयरमैन के लिए भी अपशब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
अपमान और असुरक्षा का हवाला देकर वापस ली अनुमति
मोंटी गुप्ता का कहना है कि पुलिस प्रशासन के कथित असहयोग और इस घटना के बाद मेला कमेटी के सदस्य खुद को अपमानित और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने कमेटी की ओर से मेले की अनुमति तत्काल प्रभाव से वापस लेने की घोषणा कर दी है। इस फैसले से दातागंज के मेले का आयोजन अधर में पड़ गया है।
एसएसपी से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
आयोजक ने बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कराने के साथ संबंधित इंस्पेक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग उठाई है। अनुमति वापस लेने के फैसले को सरकारी अभिलेखों में दर्ज कराने का अनुरोध भी किया गया है।
फिलहाल, इंस्पेक्टर पर लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि शिकायत पर जांच और आगे की कार्रवाई किस दिशा में बढ़ती है।
रिपोर्ट – संतुलित पाठक (बदायूं)
यह भी पढ़ें: शादी का सपना दिखाकर 1.5 करोड़ की चपत, दरभंगा का इंजीनियर बना साइबर ठगी का शिकार



