दिल्ली जा रही रोडवेज बस डंपर से टकराई, एक साल की बच्ची समेत 16 घायल

बदायूं के उझानी में बरेली-मथुरा हाईवे पर दिल्ली जा रही रोडवेज बस बैक हो रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में चालक-परिचालक समेत 16 लोग घायल हुए, कई मेडिकल कॉलेज रेफर।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  बरेली-मथुरा हाईवे पर मंगलवार रात एक जोरदार टक्कर के बाद यात्रियों से भरी रोडवेज बस में चीख-पुकार मच गई। बदायूं से दिल्ली जा रही बस सड़क पर बैक हो रहे डंपर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार 16 लोग घायल हो गए। इनमें बस चालक और परिचालक भी शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बैक हो रहे डंपर से टकराई तेज रफ्तार बस

हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र में टीवीएस एजेंसी के पास मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, बदायूं से दिल्ली जा रही रोडवेज बस की सड़क पर पीछे की ओर आ रहे डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 14 यात्रियों के साथ बस चालक सतेंद्र (25) और परिचालक सुनील भी घायल हो गए।

एक साल की बच्ची समेत 16 लोग घायल

घायलों में मनोज कुमार (45), रिंकी (22), वंश (6), धर्मवीर (25), राजपाल (35), सूरजपाल (36), रुबी (30), नत्थूलाल (55), मुन्नी देवी (35), सचिन (36), रामदास (45), अली हसन (32), सिया (एक वर्ष) और आर्यन (6) शामिल हैं। सभी थाना कादरचौक क्षेत्र के मोहम्मदगंज गांव के निवासी बताए गए हैं।

मेडिकल कॉलेज में भर्ती, पुलिस कर रही जांच

सूचना मिलते ही उझानी प्रभारी निरीक्षक और सीओ राहुल पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस से पांच घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जबकि 11 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी ले जाया गया। यहां नौ घायलों की गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दो बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

रिपोर्ट -संतुलित पाठक (बदायूं)

यह भी पढ़ें: शराब के नशे में मेले में पहुंचे इंस्पेक्टर? आयोजक ने SSP से की शिकायत, मचा हड़कंप

Related Articles

Back to top button