पकवान बनाते समय हुआ बड़ा हादसा, आग की लपटों में घिरा पूरा होटल-कम-मकान
सीतापुर के खैराबाद स्थित मां गौरी स्वीट्स में कथित गैस सिलेंडर रिसाव से भीषण आग लग गई। दमकल विभाग ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : खैराबाद थाना क्षेत्र के बीसीएम रोड क्रॉसिंग के पास स्थित मां गौरी स्वीट्स में गुरुवार को गैस सिलेंडर से कथित रिसाव के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे स्वीट काउंटर और होटल-कम-मकान का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। घटना के दौरान आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पकवान बनाते समय हुआ हादसा, देखते ही देखते फैल गई आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुकान में पकवान तैयार किए जा रहे थे। इसी दौरान गैस रिसाव होने से आग भड़क गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे प्रतिष्ठान में फैल गईं। घटना के बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआत में पहुंची छोटी फायर ब्रिगेड आग पर काबू नहीं पा सकी, जिसके बाद बड़ी दमकल गाड़ी को बुलाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया। इस दौरान बीसीएम रोड क्रॉसिंग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
दमकल कर्मियों की सतर्कता से बचीं आसपास की दुकानें
दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास की दुकानों और रिहायशी मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर गैस सिलेंडर से रिसाव को हादसे की वजह माना जा रहा है, जबकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: बरेली में गौरक्षक-यूट्यूबर पर जानलेवा हमला, ICU में जिंदगी की जंग लड़ रहे सत्यम गौड़



