चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा था युवक, पुलिस ने ऐसे दबोचा

गोरखपुर के चौरी चौरा में पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाने वाले युवक को गिरफ्तार किया। दो बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः  गोरखपुर के चौरी चौरा क्षेत्र में वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौरी चौरा पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसका इस्तेमाल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

चेकिंग अभियान के दौरान हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी चौरी चौरा के पर्यवेक्षण में चल रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान उपनिरीक्षक राजू रंजन सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान धीरज यादव उर्फ गोलू निवासी बाल बुजुर्ग को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया। पूछताछ और जांच के दौरान उसके साथ दो बाल अपचारी भी पुलिस की पकड़ में आए।

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर छिपाई जा रही थी पहचान

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के मुताबिक, वाहन की वास्तविक पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। बरामदगी के आधार पर चौरी चौरा थाने में मुकदमा संख्या 258/2026 दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी पर पहले से भी दर्ज है मुकदमा

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी धीरज यादव उर्फ गोलू के खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। अभियान में उपनिरीक्षक राजू रंजन सिंह, कांस्टेबल मनोज सिंह यादव और आरक्षी आशीष पांडेय शामिल रहे।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: उन्नाव में साइबर फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार, रकम कराई गई फ्रीज

Related Articles

Back to top button