उन्नाव में साइबर फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार, रकम कराई गई फ्रीज
उन्नाव पुलिस ने साइबर फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। नौ स्मार्टफोन बरामद किए गए और म्यूल खातों में जमा एक लाख रुपये फ्रीज किए गए। मामले में अन्य संदिग्ध खातों की जांच जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच उन्नाव पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह भोले-भाले लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाकर म्यूल खातों के जरिए ठगी की रकम का लेन-देन करता था। आरोपियों के कब्जे से नौ स्मार्टफोन भी बरामद किए गए हैं।
देशभर से मिली शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक जेपी सिंह के निर्देशन में साइबर थाना और कोतवाली सदर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, देश के विभिन्न राज्यों से प्राप्त साइबर ठगी की शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की गई थी। सीसीटीवी फुटेज, बैंक रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
यह भी पढ़ें: कभी था बदहाली का प्रतीक, आज पूर्वांचल का सबसे बड़ा आकर्षण बना रामगढ़ताल
म्यूल खातों से होता था ठगी की रकम का लेन-देन
जांच में सामने आया कि आरोपी म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर साइबर ठगी से प्राप्त रकम को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संबंधित बैंक खातों में जमा करीब एक लाख रुपये भी फ्रीज कराए हैं। साथ ही नौ स्मार्टफोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।
अन्य संदिग्ध खातों की जांच जारी
एसपी जेपी सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मामले से जुड़े अन्य संदिग्ध बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। जांच में साइबर ठगी से जुड़े और खाते मिलने पर उन्हें भी फ्रीज किया जाएगा। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई, उन्नाव
यह भी पढ़ें: कभी था बदहाली का प्रतीक, आज पूर्वांचल का सबसे बड़ा आकर्षण बना रामगढ़ताल



