दिल्ली पुलिस के फरमान पर अभिजीत दीपके और सौरव दास की प्रतिक्रिया, बोले- पूरा देश बनेगा जंतर-मंतर

अभिजीत दीपके ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''उन्होंने जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन की तय जगह के तौर पर हटा दिया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुखिया अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर द्वारा दिल्ली के प्रसिद्ध जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए निर्धारित जगह से हटाने पर बेहद कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा!

अभिजीत दीपके ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”उन्होंने जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन की तय जगह के तौर पर हटा दिया है। हां, अब यह विरोध-प्रदर्शन की जगह नहीं रही, क्योंकि वैसे भी उस कायर तानाशाह ने इसे युद्ध का मैदान बना दिया था।अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा!”

PM भारत में लोकतंत्र को भी डी-नोटिफाई कर देंगे : सौरव

वहीं, CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”यह मंजूर नहीं है। नरेंद्र मोदी जंतर-मंतर से क्यों डरते हैं? जंतर-मंतर भारत के लोगों का है। क्या गृह मंत्रालय ने भारत के लोगों से सलाह ली? क्या किसी स्टेकहोल्डर से सलाह ली गई? क्या किसी संगठन से सलाह ली गई? लिखकर ले लीजिए—जिस तरह वे लोगों के जंतर-मंतर को डी-नोटिफाई कर रहे हैं, वैसे ही प्रधानमंत्री जल्द ही भारत में लोकतंत्र को भी डी-नोटिफाई कर देंगे। यह कदम उसी दिशा में एक शुरुआत है। हम इस मनमाने फैसले को स्वीकार नहीं करते। यह विरोध करने और शांतिपूर्ण ढंग से इकट्ठा होने के लोगों के मौलिक अधिकार पर हमला है। अब पूरा देश ही जंतर-मंतर बन रहा है!”

दिल्ली पुलिस ने राजधानी में प्रदर्शन की 3 नई जगह बताईं

जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने राजधानी में विरोध प्रदर्शन करने के लिए जंतर-मंतर को निर्धारित स्थलों की सूची से हटा दिया है और उसकी जगह तीन नए स्थान इसके लिए निर्धारित किए हैं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने इस संबंध में स्थायी आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक विरोध प्रदर्शन और धरने आयोजित करने के लिए तीन नए स्थान निर्धारित किए हैं। इनमें सेंट्रल दिल्ली का रामलीला मैदान, उत्तरी दिल्ली का बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी मैदान शामिल हैं।

आदेश के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मौजूदा निर्धारित विरोध-प्रदर्शन स्थल के विकल्प के तौर पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए उपयुक्त स्थानों की समीक्षा करने के लिए एक कमेटी बनाई थी। आदेश में कहा गया है कि कमेटी की सिफारिशों के आधार पर जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल के रूप में गैर अधिसूचित किया गया है।

इसके अलावा रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को प्रदर्शन आयोजित करने के लिए तीन नए स्थानों के तौर पर तय किया गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इन तीनों स्थानों पर विरोध प्रदर्शन और धरने आयोजित करने के लिए विस्तृत एवं संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) अलग से जारी की जाएगी। यह आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी पिछले स्थायी आदेश में आंशिक संशोधन के तौर पर जारी किया गया है।

CJP जंतर-मंतर पर नए प्रदर्शन का बना रही थी प्लान

CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने रविवार को कहा था कि वह और संगठन के अन्य नेता जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने को नई तारीख मांगने के लिए सोमवार को दिल्ली पुलिस से संपर्क करेंगे। रांका ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था कि वह सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास, कानूनी टीम की प्रमुख रत्ना सिंह और अन्य नेताओं के साथ सोमवार सुबह 10 बजे संसद मार्ग थाना जाएंगे ताकि प्रदर्शन के लिए तारीख मांगी जा सके। रांका ने कहा, “दिल्ली पुलिस हमें 24 घंटे के भीतर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए तारीख दे सकती है, वरना CJP नए प्रदर्शन का आह्वान करेगी।”

Related Articles

Back to top button