जंगल में फंदे से लटका मिला अदाणी पावर प्लांट कर्मचारी, मिर्ज़ापुर में सनसनी

मिर्ज़ापुर के मड़िहान स्थित निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट परिसर में पश्चिम बंगाल के एक कर्मचारी का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मीरजापुर के मड़िहान क्षेत्र में स्थित निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गया है। मंगलवार रात प्लांट परिसर के भीतर ददरी जंगल इलाके में एक कर्मचारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी और कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी 35 वर्षीय युवक के रूप में हुई है, जो रोजी-रोटी की तलाश में सैकड़ों किलोमीटर दूर मीरजापुर आया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

देर रात तक नहीं दिखा कर्मचारी, तलाश में मिला शव

जानकारी के मुताबिक मृतक निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट में कार्यरत था। मंगलवार शाम तक वह अपने साथियों के साथ सामान्य रूप से काम करता दिखाई दिया था। किसी को अंदेशा नहीं था कि कुछ घंटों बाद इतनी दर्दनाक घटना सामने आएगी। रात में काफी देर तक कर्मचारी के नजर नहीं आने पर साथी श्रमिकों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान ददरी जंगल स्थित प्लांट परिसर में उसका शव फंदे से लटका मिला। शव देखते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और घटना की खबर तेजी से पूरे परिसर में फैल गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने के बाद मड़िहान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ वहां मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ भी की। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

पश्चिम बंगाल में परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक युवक पश्चिम बंगाल का रहने वाला बताया जा रहा है। जैसे ही घटना की सूचना परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग बेटे की मौत की खबर से सदमे में हैं। रोजी-रोटी की तलाश में घर से दूर आए युवक की इस तरह मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट पहले से ही कई विवादों और जन विरोध को लेकर चर्चा में रहा है। स्थानीय स्तर पर पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी के आरोप भी लगते रहे हैं। अब इस नई घटना के बाद श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार हाल के महीनों में प्लांट में दुर्घटनाओं के दौरान चार श्रमिकों की मौत हो चुकी है। ऐसे में एक और कर्मचारी का संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिलना चिंता बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

जवाब देने से बचते दिखे जिम्मेदार

घटना के बाद जब प्लांट प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो कोई भी खुलकर सामने आने को तैयार नहीं दिखा। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्डों ने भी मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। गार्डों का कहना था कि अंदर क्या हुआ और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी केवल वरिष्ठ अधिकारी ही दे सकते हैं। हालांकि किस अधिकारी से बात की जाए, इस सवाल पर उन्होंने चुप्पी साध ली। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी

यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी ने बढ़ाई चिंता, कानपुर में 31 मई तक स्कूलों की छुट्टी

Related Articles

Back to top button