श्रावण से पहले नैमिषारण्य में अलर्ट मोड पर प्रशासन, DM-SP ने दिए सख्त निर्देश
श्रावण मास से पहले सीतापुर के नैमिषारण्य स्थित देवदेवेश्वर मंदिर का डीएम डॉ. राजा गणपति आर और एसपी अंकुर अग्रवाल ने निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कांवड़ यात्रा और सुविधाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सीतापुर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने नैमिषारण्य स्थित देवदेवेश्वर मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों के लिए पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
डीएम और एसपी ने प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन ने पुलिस बल, गोताखोरों और नाविकों की पर्याप्त तैनाती के भी निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट
श्रावण मास में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन की विस्तृत योजना तैयार करने पर जोर दिया है। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: कानपुर-इटावा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, CNG कार में जिंदा जले दो लोग



