कानपुर-इटावा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, CNG कार में जिंदा जले दो लोग

कानपुर देहात के मुंगिसापुर के पास CNG कार डिवाइडर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः कानपुर देहात में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। दिल्ली से आ रही एक CNG कार कानपुर-इटावा हाईवे पर मुंगिसापुर के पास डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद हुए तेज धमाके के साथ कार में आग लग गई और कुछ ही पलों में पूरा वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

आग इतनी भीषण थी कि बाहर निकलने का मौका नहीं मिला

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कार में बैठे दोनों लोगों को बाहर निकलने का अवसर नहीं मिल सका। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद कार के भीतर जले हुए अवशेष बरामद हुए।

मृतकों की पहचान, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मृतकों की पहचान कानपुर नगर निवासी ओम शुक्ला और गुरप्रीत सिंह के रूप में की है। अधिकारियों ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

दुर्घटना के कारणों की होगी विस्तृत जांच

क्षेत्राधिकारी डेरापुर धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार के डिवाइडर से टकराने के बाद आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट- प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: अहमदाबाद विमान हादसा, पीड़ित परिवारों का बड़ा सवाल, ब्लैक बॉक्स डेटा कब होगा सार्वजनिक? 

Related Articles

Back to top button