आखिर उड़ती फ्लाइट में आधे घंटे तक क्यों सोया रहा पायलट? एअर इंडिया टर्बुलेंस केस में चौंकाने वाला खुलासा
एअर इंडिया की टर्बुलेंस वाली फ्लाइट में अब एक नया मोड़ सामने आया है. तमाम खुलासे के बाद अब जो जानकारी सामने आई है, वो और चौंकाने वाली है. उड़ान के बीच पायलट आधे घंटे के लिए सो गया था.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: एअर इंडिया की टर्बुलेंस वाली फ्लाइट में अब एक नया मोड़ सामने आया है. तमाम खुलासे के बाद अब जो जानकारी सामने आई है, वो और चौंकाने वाली है. उड़ान के बीच पायलट आधे घंटे के लिए सो गया था.
टर्बुलेंस वाली एअर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट (A320) को लेकर एक और बड़ी जानकारी सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दावा किया गया है इस उड़ान का जो पायलट नशे में धुत होकर विमान उड़ा रहा था, वह उड़ान के बीच आधे घंटे के लिए सो गया था. पूछताछ में उसने इस मामले की जांच करने वालों को बताया कि निजी कारणों और तनाव के चलते उसे सोने में परेशानी हो रही थी.
इस कारण वो पारिवारिक डॉक्टर की सलाह पर नींद की गोली खाता था. उसने उड़ान के दौरान केवल 30-35 मिनट की नींद ली थी. पायलट ने ये भी बताया है कि उसे काफी समय से अनिद्रा (नींद नहीं आना) की समस्या है. पारिवारिक डॉक्टर की सलाह पर वो नींद की गोली लेता था. और तो और मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, खबर ये भी है कि पायलट ने क्रू मेंबर से स्मोक करने के लिए लाइटर भी मांगा.
इस घटना को लेकर हुए कई खुलासे
इससे पहले इस घटना को लेकर और भी कई खुलासे हुए. पहले ये खबर आई की पायलट का डोप टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है. फिर ये कहा गया कि पायलट नशे में धुत था यानी गांजा पीकर विमान उड़ा रहा था. इसके बाद जो खबर आई, उसमें ये कहा गया कि विमान में कई तरह की खमियां थीं. विमान का हाइड्रोलिक सिस्टम तीन बार खराब हो गया था.
टर्बुलेंस में 17 लोग हो गए थे घायल
इसके अलावा ऑटो पायलट भी बंद हो गया था. इसके तुरंत बाद को-पायलट ने खुद हाथ से विमान का कंट्रोल संभाला. रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के कई इंडिकेटर स्विच कुछ देर के लिए बंद हो गए थे. इस दौरान विमान को हवा में झटके भी लगे. इसके बाद विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया. 4 अगस्त को हुई इस घटना (टर्बुलेंस) में 17 लोग घायल हो गए थे. इसमें कई यात्री और क्रू मेंबर शामिल थे. इस घटना के बाद कंपनी ने दोनों पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया है और AAIB मामले की जांच की जा रही है.



