कोहली के बाद हार्दिक भी अफगान सीरीज से बाहर

- रोहित शर्मा ने फिटनेस टेस्ट किया पास, सीओई ने खेलने की दी मंजूरी
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ताजा चोट के कारण तीन मैचों की पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। पांड्या को बंगलूरू स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस आकलन के दौरान क्वाड्रिसेप्स में खिंचाव आ गया। हार्दिक हाल ही में आईपीएल के दौरान लगी पीठ की ऐंठन से उबर रहे थे। हलांकि रोहित शर्मा को सीओई ने खेलने की मंजूरी दे दी है, लेकिन फिटनेस टेस्ट के दौरान पांडया की नई चोट सामने आने से उनकी वापसी टल गई।
हार्दिक ने फिटनेस टेस्ट के दौरान 10 ओवर गेंदबाजी की थी। हालांकि, इसी दौरान उनकी क्वाड्रिसेप्स मांसपेशी में खिंचाव आ गया। बताया जा रहा है कि यह चोट इतनी गंभीर है कि उन्हें कम से कम तीन सप्ताह तक रिहैब प्रक्रिया से गुजरना होगा। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में उनके खेलने की कोई संभावना नहीं है क्योंकि तब तक उनका रिहैब पूरा नहीं हो पाएगा। पांड्या को हाल ही में भारतीय टी20 टीम से आराम दिया गया था ताकि वह वनडे क्रिकेट पर अधिक ध्यान दे सकें। चयन समिति और टीम प्रबंधन की नजर 2027 वनडे विश्व कप पर है और हार्दिक को उस योजना का अहम हिस्सा माना जा रहा है। 2023 वनडे विश्व कप के दौरान बांग्लादेश के खिलाफ मैच में लगी टखने की चोट के बाद टीम इंडिया को संतुलन बनाने में काफी परेशानी हुई थी। यही कारण है कि टीम प्रबंधन हार्दिक की फिटनेस को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। हार्दिक के लिए चिंता की बात यह है कि अफगानिस्तान सीरीज के बाद अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ भी तीन वनडे मैच खेले जाने हैं। भारतीय टीम उम्मीद करेंगे कि वह समय पर फिट होकर वापसी करें, क्योंकि आगामी बड़े टूर्नामेंटों को देखते हुए उनका पूरी तरह फिट रहना टीम की प्राथमिकताओं में शामिल है। भारतीय टीम के लिए यह झटका जरूर है, लेकिन टीम प्रबंधन किसी भी तरह का जोखिम लेने के बजाय हार्दिक को पूरी तरह फिट होने का समय देना चाहता है।
रोमांचक मुकाबले में भारत ए ने श्रीलंका को 8 रन से हराया
दांबुला। ऋ तुराज गायकवाड़ के शतक के बाद गेंदबाज के दमदार प्रदर्शन ने भारत ए ने त्रिकोणीय सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका ए को आठ रन से हराया। भारत ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में छह विकेट पर 277 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ए की पूरी टीम 48.5 ओवर में 269 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका को अंतिम ओवरों में सात रन के भीतर चार विकेट गंवाना भारी पड़ा और भारत ए ने इस तरह उसके मुंह से जीत छीन ली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए को निरोसन डिकवेला और अविष्का फर्नांडो ने अच्छी शुरुआत दिलाई। अचारिगे 74 रन बनाकर आउट हुए। अचारिगे जब पवेलियन लौटे तो श्रीलंका का स्कोर सात विकेट पर 262 रना था। लेकिन श्रीलंका ए ने सात रन के भीतर आखिरी के चार विकेट गंवा दिए और भारत जीत दर्ज करने में सफल रहा।



