मरीज की मौत के बाद अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन, गोरखपुर में मचा हंगामा

गोरखपुर में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। स्वजन ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डॉक्टर और अस्पताल प्रशासन पर कार्रवाई की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में एक मरीज की मौत के बाद मंगलवार सुबह निजी अस्पताल के बाहर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र स्थित अस्पताल के सामने शव रखकर लोगों ने प्रदर्शन किया। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

अपेंडिक्स के ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत

चिलुआताल थाना क्षेत्र के सेमरा निवासी 35 वर्षीय राकेश यादव का शाही ग्लोबल अस्पताल में अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ था। मृतक के जीजा जनार्दन यादव के मुताबिक, राकेश को चार अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि छह अगस्त को उन्हें जबरन डिस्चार्ज कर दिया गया। उसी रात राकेश को तेज दर्द हुआ, जिसके बाद परिजन उन्हें दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। स्वजन का आरोप है कि इस दौरान इलाज में लापरवाही बरती गई और मरीज की गंभीर स्थिति को ठीक से नहीं समझा गया।

एंबुलेंस में हुई मौत, अस्पताल के बाहर प्रदर्शन

परिजनों के अनुसार, 10 अगस्त को जांच के दौरान राकेश की हालत और गंभीर हो गई। रात करीब आठ बजे उन्हें लखनऊ ले जाने के लिए एंबुलेंस में रखा गया, लेकिन इसी दौरान उनकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजन रात में ही शव लेकर अस्पताल के पास बैठ गए। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे गांव से अन्य लोग भी पहुंचे और अस्पताल के सामने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, कार्रवाई की मांग

हंगामे की सूचना मिलने पर रामगढ़ताल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राकेश की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। मामले में पुलिस की जांच और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: नशेबाजी के बाद सड़क बनी अखाड़ा, कई लोग भिड़े; VIDEO देख पुलिस भी एक्टिव

Related Articles

Back to top button