10 लाख दो, तभी मिलेगा पति! गोरखपुर में महिला ने प्रधान पर लगाए गंभीर आरोप

गोरखपुर के बड़हलगंज में महिला ने गांव के प्रधान पर पति को कथित बंधक बनाने और छोड़ने के बदले 10 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस शिकायत की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कगोरखपुर के बड़हलगंज क्षेत्र में एक महिला ने गांव के प्रधान पर अपने पति को कथित तौर पर बंधक बनाने और उन्हें छोड़ने के बदले 10 लाख रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने क्षेत्राधिकारी गोला को प्रार्थना पत्र देकर पति को बरामद कराने और मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

थाने से छूटने के बाद घर नहीं पहुंचे पति

बैरिया खास गांव निवासी कुसुम देवी पत्नी रामसमुझ निषाद के मुताबिक, चार अगस्त को बड़हलगंज थाने में दर्ज एक मुकदमे के सिलसिले में उनकी बहू रीमा और उसका भाई रामसमुझ को थाने लेकर गए थे। महिला का कहना है कि मुकदमे में आरोपी बेटे कमलेश के हाजिर होने के बाद पुलिस ने रामसमुझ को छोड़ने की बात कही थी। कुसुम देवी के अनुसार, एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पति घर नहीं लौटे। थाने में जानकारी करने पर उन्हें बताया गया कि रामसमुझ को छोड़ दिया गया है।

प्रधान पर 10 लाख रुपये मांगने का आरोप

महिला ने गांव के प्रधान बैरिस्टर यादव पर पति को अपने कब्जे में रखने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि रामसमुझ को छोड़ने के बदले 10 लाख रुपये की मांग की जा रही है। कुसुम देवी का आरोप है कि उनसे रुपये की व्यवस्था करने को कहा गया और रकम नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी दी गई। उन्होंने आशंका जताई कि पति को दबाव में लेकर परिवार की बची जमीन का बैनामा भी कराया जा सकता है। महिला ने बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग शिकायत के साथ देने की बात कही है।

पुलिस जांच में जुटी, शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई

मामले में कुसुम देवी ने सीओ गोला को प्रार्थना पत्र देकर पति को बरामद कराने और आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। सीओ गोला दरवेश ने बताया कि महिला के प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट -अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: मरीज की मौत के बाद अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन, गोरखपुर में मचा हंगामा

Related Articles

Back to top button