सीतापुर के युवक के मोबाइल पर पाकिस्तान से लगातार कॉल! जांच में जुटीं एजेंसियां

सीतापुर के संदना क्षेत्र के एक युवक ने पाकिस्तान से लगातार कॉल आने का दावा किया है। शिकायत के बाद पुलिस, सर्विलांस, साइबर सेल और LIU मामले की तकनीकी जांच में जुटी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक युवक द्वारा पाकिस्तान से लगातार फोन कॉल आने का दावा किए जाने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। युवक ने विदेशी नंबरों से बार-बार कॉल आने की शिकायत स्थानीय पुलिस और डायल-112 पर दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, जबकि सर्विलांस, साइबर सेल और स्थानीय खुफिया इकाई (LIU) भी पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रही हैं।

लगातार विदेशी नंबरों से कॉल आने का दावा

मामला संदना थाना क्षेत्र के गोंडियनपुरवा गांव का है। गांव निवासी गोबिंद प्रसाद का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उनके मोबाइल फोन पर पाकिस्तान से जुड़े बताए जा रहे विदेशी नंबरों से लगातार कॉल आ रही हैं। उनका दावा है कि बार-बार आने वाली इन कॉलों से वह मानसिक रूप से परेशान हैं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

पुलिस जुटी कॉल रिकॉर्ड और तकनीकी जांच में

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने युवक का बयान दर्ज कर कॉल डिटेल्स जुटानी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, यह जांच की जा रही है कि कॉल किस उद्देश्य से की गईं, उनका वास्तविक स्रोत क्या है और कहीं किसी तकनीकी माध्यम से नंबर की पहचान तो नहीं बदली गई। मामले की जांच में सर्विलांस और साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है।

जांच पूरी होने के बाद ही होगी पुष्टि

संदना थानाध्यक्ष मानपाल सिंह ने बताया कि फिलहाल मामले की प्रारंभिक जांच जारी है। अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि कॉल वास्तव में पाकिस्तान से की गई थीं या नहीं। पुलिस का कहना है कि सभी तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में निजी कंपनी में घुसकर हंगामा, कर्मचारियों से मारपीट का दावा

Related Articles

Back to top button